एक ओर प्रदेश सरकार शिक्षित बेरोजगार युवाओं को नौकरी नहीं दे पा रही है तो वहीं दूसरी ओर पुलिस भर्ती परीक्षा शिक्षक भर्ती परीक्षा या अन्य परीक्षाओं के पेपर लीक होने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। जिसके कारण मेहनत करने वाले युवा मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। ऐसा आरोप लगाते हुए ओबीसी महासभा के बैनर तले बेरोजगार युवाओं ने अंबेडकर चौक गार्डन में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया ।
जिन्होंने हाल ही में प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में हुए पेपर लिक वाले मामले पर ऐतराज जताते हुए मामले की सीबीआई जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और पेपर लीक होने के चलते प्राथमिक शिक्षा पात्रता भर्ती परीक्षा को रदद् किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन को लेकर की गई चर्चा के दौरान परीक्षार्थी लखन चौधरी और ईश्वर बिसेन ने पेपर लीक हो जाने वाले मामले पर अपनी नाराजगी जताते हुए ओएमआर शीट के आधार पर ऑफलाइन एग्जाम कराने की मांग की है।जहा उन्होंने प्रदेश सरकार पर युवाओ की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए उनकी समस्त मांगे पूरी करने की गुहार लगाई है।
ओबीसी महासभा जिला अध्यक्ष सौरभ लोधी ने मामले से जुड़े लोगों पर कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हुए इस परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा का आयोजन किए जाने की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वेश्वर भगत ने प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व में मामले को उठाने की बात कहते हुए जल्द ही मांग पूरी ना होने पर कांग्रेस के बैनर तले सड़कों पर उतर कर आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है ।










































