मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का 6 जून को मलाजखंड आगमन हो रहा है। जहां से वे लाडली बहना योजना के स्वीकृत पत्रों का वितरण करेंगे, साथ ही विभिन्न योजनाओं की सौगात भी देंगे।जिनके जिला आगमन को लेकर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने तंज कसा है जिन्होंने शनिवार को अपने निवास में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बालाघाट आगमन को लेकर विरोधाभास जताया तो वही उन्होंने नगर की चरमराई हुई जल नल जल व्यवस्था, महाकाल लोक उज्जैन में प्रतिमाओं के खंडन ,लाडली बहना योजना ,महिला पहलवानों सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा करते हुए केंद्र और राज्य सरकार को विभिन्न मुद्दों मे पर विफल बताया है। जिन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया है तो वहीं उन्होंने स्थानीय व प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता से सड़क पर उतरने की अपील की है
कर्ज में चल रही सरकार और चला रहे लाडली बहना योजना
पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मलाजखंड आगमन को लेकर तंज कसते हुए बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने इसके पूर्व जिले की जनता से कई तरह के वादे किए लेकिन उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया है। करीब 12 वर्षों पूर्व मुलना स्टेडियम में तरणताल (स्विमिंग पूल) बनाने की घोषणा की थी। भूमि पूजन किया था ।वह घोषणा उनकी अब तक पूरी नहीं हो पाई इसके अलावा पिछले दिनों परसवाड़ा में भी करोड़ों रुपए के कार्यों का भूमि पूजन किया है लेकिन कोई कार्य शुरू नहीं हुआ। इसके अलावा इसके पूर्व ऐसी कई घोषणाएं हैं जो आज तक सिर्फ घोषणा ही बनकर रह गई है। प्रदेश सरकार लगातार कर्ज ले रही है हर दो-तीन दिन में कर्ज लिया जा रहा है इधर सरकार कर्ज में चल रही है और उधर लाडली बहना योजना चला रही है। लाडली बहना योजना सिर्फ चुनावी घोषणा है। प्रदेश में कई लोगों को बिजली नहीं मिल रही है लोगों को पंखा चलाने के लिए बिजली नहीं मिलती और विदिशा में मुख्यमंत्री के फार्म हाउस में 100 ऐसी मवेशियों के लिए लगाए गए हैं। मध्य प्रदेश सरकार पर वर्तमान में 4 लाख करोड़ का कर्ज है। पहले जब कांग्रेस की सरकार थी तो उस समय मात्र 20 हजार करोड़ का कर्ज था ।उस समय हम खुद कर्ज अधिक हो गया यह कहते थे। लेकिन यहां सरकार हर दो-चार दिन में नया कर्ज ले रही है। ऊपर से घोषणाएं भी कम नहीं कर रही है ।वे यहां आकर दुनिया भर की घोषणाएं करेंगे और काम कुछ भी नहीं होगा इसीलिए जनता ने जागरूकता दिखानी चाहिए
बृजभूषण को बचा रही मोदी सरकार
महिला रेसलर्स द्वारा किए जा रहे धरना प्रदर्शन पर चर्चा करते हुए श्री मुंजारे ने बताया कि नए संसद भवन के उद्घाटन के दिन महिला पहलवानों को सड़कों पर घसीटा गया ,उनके साथ बर्बरता की गई है। यह लोग बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देते हैं लेकिन अपराधी को बचाते हैं। कई खिलाड़ी गोल्ड मेडलिस्ट है उन्होंने ओलंपिक में मेडल हासिल किए हैं देश-विदेश में भारत का नाम ऊंचा किया है उन्हें परेशान करने का काम किया जा रहा है और जो अपराधी है उसे पकड़ा नहीं जा रहा है। मोदी सरकार उसे बचा रही है। मोदी ने कहा था कि बेटियों को महिलाओं को संरक्षण देंगे लेकिन यह लोग अपराधी को संरक्षण दे रहे हैं। मुख्यमंत्री को शर्म नहीं आ रही है वह ब्रिज भूषण के खिलाफ एक शब्द भी नहीं कह रहा है। जब खिलाड़ी मेडल जीत कर लाए थे तो उन्हें परिवार का सदस्य बता रहे थे। अब उन्हीं की उपेक्षा की जा रही है। हमें लगता है कि मोदी और अमित शाह का कोई बड़ा राज बृजभूषण के पास है। इसीलिए उनके खिलाफ में कुछ नहीं बोल रहे हैं।एफआईआर होने और पास्को एक्ट लगने के बाद भी बृजभूषण संसद में बैठ रहा है। आराम से घूम रहा है, इसके खिलाफ लोगों को सड़कों पर उतरना चाहिए सभी स्थानीय खिलाड़ियों और जागरूक लोगों को एक साथ एक मंच पर आना चाहिए। हम इसके लिए धरना प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार करेंगे, सभी खिलाड़ियों और लोगों को एक मंच पर लाकर इसका पुरजोर विरोध करेंगे
अच्छे दिन की जगह लगातार खराब दिन आ रहे हैं
श्री मुंजारे ने आगे बताया कि इस वर्तमान समय में देश की हालत खराब है राष्ट्रपति को संसद भवन के उद्घाटन में नहीं बुलाया जाता, वहीं पूर्व राष्ट्रपति को आमंत्रित किया जाता है। मोदी खुद ही भूमि पूजन करते हैं खुद ही उसका लोकार्पण करते हैं। चाहे कोई भी मामला हो ,किसी भी विभाग का हो
मोदी वहां पहुंच जाते हैं और उद्घाटन करने लगते हैं । उन्होंने अच्छे दिन लाने के लिए बोला था लेकिन खराब पर खराब दिन आते जा रहे हैं। इसके खिलाफ सड़कों पर उतरने की आवश्यकता है।
भगवान के नाम पर किया है भ्रष्टाचार
उन्होंने उज्जैन महाकाल लोक में पिछले दिनों हुई प्रतिमा खंडन वाले मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जिम्मेदार ठहराया है। चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि महाकाल लोक निर्माण में घोटाला हुआ है यदि उसकी ठीक से जांच हो गई तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बचना मुश्किल है। क्यो की इन्होंने भगवान के नाम पर भ्रष्टाचार किया है ।इस मामले की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।










































