भारत के पूर्व क्रिकेटर श्रीधरन श्रीराम ने ऑस्ट्रेलियाई स्पिन गेंदबाजी कोच का पद छोड़ दिया है। श्रीधरन ने यह फैसला इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) में मिली कोच पद की भूमिका पर ध्यान देने के लिए किया है। श्रीधरन ने साल 2000 से लेकर 2004 तक भारत की ओर से आठ एकदिवसीय मैच खेले थे। वह 2015 से ऑस्ट्रेलिया के कोचिंग स्टाफ में शामिल थे। वह भारतीय टीम के दौरे में ऑस्ट्रेलियाई ए टीम का भी हिस्सा थे हालांकि साल 2016 में उन्हें स्पिन गेंदबाजी कोच बनाया गया था। श्रीधरन ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में छह साल बिताने के बाद मैं ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के सहायक कोच की अपनी वर्तमान भूमिका छोड़ रहा हूं।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि टीम को ध्यान में रखते हुए यह पद छोड़ने का सही समय है। इससे उन्हें दो विश्व कप और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। यह मेरे लिए सभी प्रारूपों, विश्व कप और एशेज में काम करने का अच्छा अनुभव रहा है।’ उन्होंने ने आरसीबी के साथ कोचिंग पर ध्यान केंद्रित करने और चेन्नई में परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिए ही यह फैसला किया है।









































