श्रीलंका ने जीत के साथ की टी20 विश्व कप 2026 में शुरुआत, आयरलैंड को दी मात

0

कोलंबो: सह मेजबान श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन के अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप 2026 में विजयी शुरुआत की है। मैच में आयरलैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऐसे में मेजबान टीम ने खराब शुरूआत के बाद कामिंदु मेंडिस की 19 गेंद में 44 रन और कुसल मेंडिस के नाबाद अर्धशतक के बल पर आयरलैंड के खिलाफ 6 विकेट पर 163 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए मिले 164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरिश टीम अच्छी शुरुआत के बाद 19.5 ओवर में 143 रन पर ढेर हो गई। आयरलैंड के लिए हैरी टेक्टर ने सबसे ज्यादा 40 और रॉस अडेर ने 34 रन का पारी खेली। वनिंदु हसरंगा ने चोटिल होने के बावजूद शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं महीष तीक्ष्णा ने 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। 2 विकेट मथीशा पथिराना के और एक-एक विकेट दुष्मंथा चमीरा और दुनिथ वेलालागे के खाते में गया। कमिंदु मेंडिस को उनकी आतिशी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

खराब रही श्रीलंका की शुरुआत

श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी चुनने के आयरलैंड का फैसले को सही साबित कर दिया जब श्रीलंका पहले चार ओवर में 28 रन ही बना सका और कामिल मिसरा (14) का विकेट भी गंवा दिया।श्रीलंका को आयरलैंड के खराब क्षेत्ररक्षण का भी फायदा मिला जिसने कुछ कैच टपकाये। मिसरा को एक जीवनदान भी मिला जिसका वह फायदा नहीं उठा सके और मार्क एडेयर की धीमी गेंद पर मिडआफ में कैच दे बैठे। सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने 23 गेंद में 24 रन बनाये। उन्होंने बायें हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रे को डीप स्क्वेयर लेग पर छक्का लगाया तो ऐसा लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलेंगे।

श्रीलंका ने 86 रन पर गंवा दिए थ चार विकेट

कुसल मेंडिस ने बैरी मैकार्थी को छठे ओवर में तीन चौके लगाकर श्रीलंका को पावरप्ले के बाद एक विकेट पर 50 रन तक पहुंचाया। इसके बाद आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने बायें हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल को गेंद सौंपी जिन्होंने पहले ओवर में चार ही रन दिये। डॉकरेल ने धीमी गेंद पर निसांका को ललचाया जो कवर में स्टर्लिग को कैच दे बैठे। इसके बाद उनका अगला शिकार पवन रत्नायके बने जो खराब शॉट खेलने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे । श्रीलंका का स्कोर 11वें ओवर में तीन विकेट पर 68 रन था। डॉकरेल ने 17 रन देकर दो विकेट चटकाये। गेराथ डेलानी ने दुनिथ वेलालागे को पवेलियन भेजकर श्रीलंका की मुश्किलें बढा दीं। इसके बाद हालांकि कामिंदु और कुसल ने पारी को संभाला। विकेटकीपर कुसल ने 43 गेंद में पांच चौकों की मदद से 56 रन बनाये और पांचवें विकेट के लिये कामिंदु के साथ 67 रन की साझेदारी की। कामिंदु ने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये । एक समय पर श्रीलंका का स्कोर 14वें ओवर में चार विकेट पर 86 रन था

13.4 ओवर में आयरलैंड ने बना लिए थे 100 रन

जीत के लिए 164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम की शुरुआत खराब रही। कप्तान पॉल स्टर्लिंग चौथे ओवर में 6(13) रन बनाकर स्टर्लिंग की गेंद पर बोल्ड हो गए। स्टर्लिंग के आउट होने के बाद रॉस अडेर और हैरी टेक्टर ने पारी को संभाला और टीम को 56 रन तक पहुंचाया। अडेर 34(23) रन बनाकर वनिंदु हसरंगा की गुगली पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद टेक्टर का साथ देने मार्क अडेर आए दोनों ने संभलकर टीम को 100 रन के पार 13.4 ओवर में पहुंचा दिया।

आखिरी वक्त में लड़खड़ाई आयरिश पारी, श्रीलंका ने जीता मैच

15 ओवर में आयरलैंड ने 113 रन 3 विकेट के नुकसान पर बना लिए थे। इसके बाद 16वें ओवर की पहली ही गेंद पर टेक्टर को हसरंगा ने कैच कराकर चौथा झटका आयरलैंड को दिया।वो 40 रन बना सके। इसके बाद 120 के स्कोर पर बेन केल्ट्ज और गेराथ डेलानी को तीक्ष्णा ने एक ही ओवर में चलता कर दिया। 120 रन पर आयरलैंड ने 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद श्रीलंका ने आयरलैंड को वापस पैर नहीं पसारने दिए और पूरी टीम को 19.5 ओवर में 143 रन पर ढेर करके 20 रन से जीत हासिल कर ली। आयरलैंड ने अपने आखिरी 8 विकेट 38 रन पर गंवा दिए। 19 गेंद में 44 रन की शानदार जड़ने वाले कमिंदु मेंडिस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 56(43) रन की नाबाद पारी खेलकर श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका अदा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here