संघर्षों को मात देकर खमरिया की बेटी साक्षी खरोले ने पाई सफलता

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। कहा जाता है कि यदि मन में अटूट विश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो गरीबी और विपरीत परिस्थितियां कभी आड़े नहीं आती, इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। जनपद पंचायत लालबर्रा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत खमरिया की बेटी साक्षी खरोले ने। साक्षी खरोले का चयन भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हुआ है और हाल ही में अपनी कठिन ट्रेनिंग पूरी कर गृहग्राम पहुंचने पर मंगलवार को उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। भारतीय सीमा सुरक्षा बल की ट्रेनिंग पूरी कर अपनी पदस्थापना के बाद पहली बार गांव पहुंची साक्षी खरोले का मंगलवार को लालबर्रा विश्राम गृह में जनपद उपाध्यक्ष किशोर पालीवाल, थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं परिजनों ने फुल-माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। जिसके बाद विश्राम गृह से डीजे की धुन पर जुलूस निकालकर भारतीय सीमा सुरक्षा बल की आरक्षक साक्षी खरोले को उनके निवास स्थान तक पहुंचाया गया। इस अवसर उनका जगह-जगह स्वागत भी किया गया। वहीं ग्रामीणों व परिजनों की आंखों में इस दौरान अपनी बेटी की सफलता को लेकर गौरव और सम्मान का भाव स्पष्ट झलक रहा था। आपकों बता दे कि साक्षी खरोले के पिताजी मजदूरी कार्य करते है, जिनकी माता श्री आंगनवाड़ी कार्यकर्ता है और ये तीन भाई-बहन है, जिसमें सुश्री साक्षी खरोले बड़ी बेटी है जिन्होने कठिन परिश्रम से पढ़ाई कर वर्ष २०२५ में एसएससी जीडी की परीक्षा देकर उत्तीर्ण हुई थी। जिसमें उनका चयन भारतीय सीमा सुरक्षा बल में हुआ था। जिसके बाद उनकी ट्रैनिंग पंजाब के होशियारपुर में संपन्न होने के बाद पहली बार १० फरवरी को लालबर्रा आगमन हुआ, जिनका भव्य स्वागत किया गया। वहीं साक्षी खरोले पूर्वी सीमा त्रिपुरा बार्डर पर तैनात होकर राष्ट्र की रक्षा करेगी। चर्चा में भारतीय सीमा सुरक्षा बल की आरक्षक साक्षी खरोले ने क्षेत्र के युवाओं और अपने छोटे भाई-बहनों को प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। यदि हम अपने लक्ष्य को केंद्र में रखकर निरंतर प्रयास करें, तो मंजिल अवश्य मिलती है। हार तब तक नहीं माननी चाहिए जब तक आप अपना उद्देश्य प्राप्त न कर लें। वहीं उनके परिजनों का कहना है कि साक्षी ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और वे सीमा पर खड़े होकर देश की रक्षा करने का हौसला भी रखती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here