पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी पुलिस थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कटंगझरी पेट्रोल पंप के पास में ५८ वर्षीय व्यक्ति की सडक़ दुर्घटना में दुखद मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब राधेलाल कावरे रमरमा महादेव पहाड़ी भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने गया था जहां से वह वापस अपने घर लौट रहा था। मामले में पुलिस के द्वारा आवश्यक कार्यवाही कर शव को सुरक्षित शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया गया है। जिसका पोस्टमार्टम १६ फ रवरी की सुबह १० बजे किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार वारासिवनी क्षेत्र में रमरमा धार्मिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य के कारण बहुत ज्यादा प्रसिद्ध है। जहां पर प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर विशाल मेला आयोजित होता है जिसमें नगर जिला सहित मध्य प्रदेश ,महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से लोग महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए आते हैं। इस वर्ष भी यह मेला आयोजित किया गया था जहां अपार जनसमूह ने उपस्थित होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद ग्रहण किया। ऐसे ही राधेलाल पिता बैगा कावरे ५८ वर्ष गणेशपुर लालबर्रा का रहने वाला है जो अपनी मोटरसाइकिल से भगवान भोलेनाथ का दर्शन करने के लिए रमरमा महादेव पहाड़ी में आया हुआ था। जहां दर्शन करने के उपरांत वह अपने घर वापस जाने के लिए निकला था तभी दोपहर करीब ४ बजे अचानक कटंगझरी स्थित पेट्रोल पंप के सामने उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खेत में उतरकर वृक्ष से टकरा गई। जिसमें वह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई यह घटना राहगीरो के द्वारा देखी गई। जिन्होंने मोटरसाइकिल रोककर घायल व्यक्ति को देखने उतरे तो मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ लग गई। उक्त व्यक्ति को सिविल अस्पताल वारासिवनी में लाया गया जहां उसकी जांच कर मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घटना की अस्पताल तहरीर पुलिस को दी गई जिसमें पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मृत व्यक्ति की जांच कर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। वहीं शव को सुरक्षित सिविल अस्पताल परिसर स्थित शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया गया जहां १६ फरवरी को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।










































