नगर मुख्यालय से सब्जी मार्केट में अवैध रूप से अतिक्रमण कर दुकाने संचालित करने वाले ३७ दुकानदारों को तहसीलदार रामबाबू देवांगन के निर्देश पर गत दिवस राजस्व विभाग के द्वारा नोटिस जारी कर दुकान का स्थाई पट्टा होने पर १६ जनवरी तक तहसील कार्यालय में दस्तावेज जमा करने कहा गया था। सब्जी मार्केट में दुकान लगाने वाले २९ दुकानदारों ने १६ जनवरी को तहसील कार्यालय पहुंचकर दुकान संचालन के संबंध में जो दस्तावेज उनके पास है उसे जमा किया है जिसकी जांच कर दस्तावेज अवैधानिक पाये जाने पर प्रशासन के द्वारा अतिक्रमण तोडऩे की कार्यवाही की जायेगी। वहीं सब्जी मार्केट में दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने बताया कि लंबे समय से हमारे द्वारा सब्जी मार्केट में कुछ लोग किराना, सब्जी व अन्य दुकाने लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे है और गत दिवस प्रशासन के द्वारा नोटिस जारी कर जिस जमीन पर दुकान संचालित कर रहे है उसके दस्तावेज जमा करने कहा गया था जिसके परिपालन में हमारे पास जनपद व ग्राम पंचायत से दुकान चलाने के लिए जो दस्तावेज प्राप्त हुए थे उसकी छायाप्रति जमा किये है, अगर हम लोग अतिक्रमण में है तो प्रशासन पहले हमें अन्य स्थान पर विस्थापित करें उसके बाद अतिक्रमण तोडऩे की कार्यवाही करे।
दूरभाष पर चर्चा में तहसीलदार रामबाबू देवांगन ने बताया कि सब्जी मार्केट में शासकीय जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले ३७ दुकानदारों को नोटिस जारी कर १६ जनवरी तक अपना जवाब प्रस्तुत करने कहा गया था जिसमें २९ दुकानदारों ने अपने दस्तावेज जमा किये है परन्तु उनके पास स्थाई पट्टा व अन्य वैध दस्तावेज नही है इसलिए १७ जनवरी को सभी ३७ दुकानदारों को दुकाने खाली करने कहा जायेगा एवं उनके द्वारा खाली नही करने पर प्रशासन के द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जायेगी।










































