पदमेश न्यूज़,बालाघाट। पिछले दिनों नगर के वार्ड नंबर 33 गायखुरी में स्थित सरदार पटेल मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पीटल में एक मामला सामने आया था। जहां युवक की तबीयत खराब होने पर उसे उक्त अस्पताल में भर्ती करने पर,उपचार के दौरान युवक कोमा में चला गया था। इस मामले को लेकर बहुजन समाज पार्टी पदाधिकारियो ने महामहिम राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौपा है।जिसमें उन्होंने सरदार पटेल मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पीटल के चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए, गलत इंजेक्शन लगाने से युवक के कोमा में जाने की शिकायत की है। वही इस मामले में बसपा द्वारा संबंधित अस्पताल प्रबंधन पर एक करोड रुपए का मुआवजा और चिकित्सक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही किए जाने की मांग की है। वही उपचार से संबंधित अन्य मांगों को पूरा किए जाने की गुहार लगाई गई है। जिसकी तमाम जानकारी शनिवार की शाम नगर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में बसपा पदाधिकारियो द्वारा दी गई।
नागपुर में जिंदगी और मौत से लड़ रहा विवेक
बसपा पदाधिकारियो ने बताया कि 11 फरवरी 2026 की रात विवेक तिरपुड़े, पिता आर.सी. तिरपुड़े, की तबीयत अचानक खराब होने पर उन्हें सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बालाघाट में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान वहां पदस्थ एक डॉक्टर द्वारा बोहेशी के नाम पर कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगा दिया गया, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई।परिजनों के अनुसार, इंजेक्शन के बाद विवेक की तबीयत तेजी से बिगड़ी और वे कोमा में चले गए। वर्तमान में उनका उपचार नागपुर (महाराष्ट्र) के एक अस्पताल में चल रहा है।परिजनो ने इसकी शिकायत पुलिस थाना में दी गई थी लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।युवक अभी भी कोमा में है जो नागपुर में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है।
इन प्रमुख मांगो को लेकर सौपा ज्ञापन
पीड़ित छात्र के परिवार को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा 1 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी जाए।
संबंधित डॉक्टर तथा कॉलेज के डायरेक्टर के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज की अनुमति निरस्त कर संस्थान को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।बसपा नेताओं ने इसे गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का मामला बताते हुए शासन-प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय की मांग की है।
चिकित्सक पर कार्यवाही कर, दिलाया जाए 1 करोड़ रु का मुआवजा
बसपा पदाधिकारियों ने मांग की है कि पीडि़त परिवार को करीब एक करोड़ रूपए क्षतिपूर्ति हेतु अस्पताल प्रबंधन द्वारा दिया जाए व संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किया जाए। उन्होंने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि शीघ्र मांगों पर अमल नहीं किया गया तो जिला सहित प्रदेश स्तर पर बसपा द्वारा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान प्रमुख रूप से बसपा प्रदेश जोन प्रभारी एड. सचीन फूलचंद, बसपा जिलाध्यक्ष इंजी. महेन्द्र, जिला प्रभारी दीपक मेश्राम, जोन प्रभारी बालाघाट अजाब शास्त्री, डॉ. धमेन्द्र रामटेके, जिला महासचिव राज्यपाल उके, रंजीत, देवाजी रामटेके सहित अन्य मौजूद रहे।










































