पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। ब्लड (रक्त) जांच के लिए अनिवार्य ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल का सर्वर ठप होने से अस्पताल पहुंचे दर्जनों मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिना पंजीयन के जांच न हो पाने के कारण दूर-दराज से आये ग्रामीणों को घंटों इंतजार के बाद बैरंग वापस लौटना पड़ा। जबकि शासकीय अस्पताल में सभी प्रकार की रक्त जांचें और स्वास्थ्य सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं, लेकिन मंगलवार को सर्वर न चलने के कारण जरूरतमंद मरीजों को मजबूरी में निजी पैथोलॉजी केंद्रों में पहुंचकर रक्त जांच करवानी पड़ी। जिससे मरीजों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ा है। वहीं कई मरीजों ने बताया कि वे सुबह से भूखे प्यासे जांच के लिए लाईन में खड़े थे, लेकिन अंत में उन्हें बताया गया कि पोर्टल नहीं चल रहा है। क्षेत्रभर से उपचार करवाने पहुंचे ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन और जिला स्वास्थ्य विभाग से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। वहीं मरीजों का कहना है कि सर्वर की समस्या को जल्द से जल्द दुरूस्त किया जाये, तकनीकी खराबी की स्थिति में वैकल्पिक (मैनुअल) व्यवस्था होनी चाहिए ताकि दूर-दराज से आने वाले गरीबों का समय और रूपये बर्बाद न हो। स्वास्थ्य सेवाओं में इस तरह की बाधा से सरकार की नि:शुल्क जांच योजना का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। जबकि सुबह से रक्त जांच के लिए आये थे, लेकिन पोर्टल बंद होने की बात कहकर हमें लौटा दिया गया। गरीब आदमी सरकारी अस्पताल भरोसे आता है, अब बाहर पैसे देकर जांच करवानी पड़ेगी, व्यवस्था में सुधारे करें प्रशासन। वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आगे से ही सर्वर की समस्या बनी हुई है, जिसे जल्द दुरूस्त कर दिया जायेगा।










































