नगर मुख्यालय स्थित राजाभोज जैविक/प्राकृतिक कृषि उपज मंडी काम्पलेक्स परिसर में सर्व आदिवासी समाज लालबर्रा के तत्वाधान में ९ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों एवं स्वजातीय बंधुओं की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर सर्वप्रथम जनपद पंचायत कार्यालय के सामने स्थित शहीद बिरसा मुंडा आदिवासी सामुदायिक भवन में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से आये सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने दोपहर १२ बजे बड़ादेव की विधि-विधान से पूजा अर्चना की एवं गोंडवाना साम्राज्य के महान क्रांतिकारियों को नमन कर झंडा वंदन किया गया। जिसके पश्चात ढोल-शहनाई, डीजे की धुन पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पारम्परिक वेशभूषा धारण किए हुए आदिवासी समाज के लोगों के द्वारा नाचते गाते हुए मानपुर पुल, बस स्टैण्ड व हाई स्कूल मार्ग होते हुए कार्यक्रम स्थल राजाभोज जैविक/प्राकृतिक कृषि उपज मंडी काम्पलेक्स परिसर पहुंचे जहां मंचीय कार्यक्रम के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। आपकों बता दे कि इस विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पारंपरिक वेशभूषा आदिवासी संस्कृति की झलक सभी सर्व आदिवासी समाज के लोगों में दिखाई दी और रैली के दौरान बारिश भी हुई परन्तु लोगों का उत्साह कम नही हुआ। साथ ही आदिवासी गीतों पर सभी ने जमकर नृत्य भी किया। राजाभोज जैविक/प्राकृतिक कृषि उपज मंडी काम्पलेक्स परिसर में मंचीय कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक बंधुओं ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पहले हमारा समाज पिछड़ा हुआ था परन्तु अब धीरे-धीरे जागरूक हो रहा है और सभी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करें क्योंकि जब समाज के लोग शिक्षित होगें तभी हम अपने अधिकार व हक की लड़ाई लड़ सकते है एवं संगठित होकर समाजोत्थान व देशहित में काम करें। साथ ही सरकार से विश्व आदिवासी दिवस पर ९ अगस्त को शासकीय अवकाश घोषित किये जाने की भी मांग की है।










































