सीबीआई ने 16 स्थानों पर मारे छापे, रेलवे के 3 बड़े अफसरों समेत 6 लोग गिरफ्तार सीबीआई ने रिश्वत के रूप में लिए गए 46.50 लाख रुपए बरामद किए

0

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 16 जगह छापेमारी कर भारतीय रेलवे के तीन बड़े अफसरों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। रिश्वतखोरी के मामले में यह कार्रवाई की गई है। रेलवे अफसरों के अलावा कोलकाता स्थित एक कंपनी से जुड़े दो अन्य शख्स भी गिरफ्तार किए गए हैं। अरेस्ट किए गए रेलवे अधिकारियों में पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य माल परिवहन प्रबंधक (सीएफटीएम) संजय कुमार के साथ समस्तीपुर के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (डीओएम) रूपेश कुमार और सोनपुर के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सचिन मिश्रा शामिल हैं।
सीबीआई ने छापेमारी कर रिश्वत के रूप में लिए गए 46.50 लाख रुपए बरामद किए हैं। सीबीआई ने कोलकाता, पटना, समस्तीपुर और हाजीपुर समेत कुल 16 जगहों पर छापेमारी की है। समस्तीपुर रेलमंडल में बड़े अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद हड़कंप मच गया।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई को गुप्त सूचना मिली थी कि पूर्व मध्य रेल के सोनपुर और समस्तीपुर रेलमंडल में माल लदान के दौरान डिटेंशन चार्ज से बचाने के साथ अन्य सुविधा मुहैया कराने के लिए कोलकाता की आभा एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से पूर्व मध्य रेल हाजीपुर मुख्यालय के सीएफटीएम संजय कुमार, समस्तीपुर रेलमंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रूपेश कुमार और सोनपुर रेलमंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सहित अन्य रेलकर्मियों के द्वारा रिश्वत के रूप में एक मुश्त रकम हर महीने ली जाती है।
एफआईआर के मुताबिक, समस्तीपुर रेलमंडल के सीनियर डीओएम ने 24 मई को 4 लाख और 27 जून को 6 लाख रुपए की रिश्वत ली। इसी तरह सोनपुर के सीनियर डीओएम सचिन मिश्रा ने 24 मई को 6 लाख और 11 जून को 3.5 लाख रुपए की रिश्वत ली। वहीं, सीएफटीएम संजय कुमार ने भी 10 लाख रुपए की रिश्वत ली। कंपनी के निदेशक नवल लाधा के निर्देश पर मनोज लाधा और बजरंग लाधा को 23.5 लाख रुपए देकर भेजा गया। ताकि रुपये अधिकारियों को दिए जा सकें। लेकिन सीबीआई की टीम ने जाल बिछाकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई ने बताया कि पूर्व मध्य रेल के तीन अधिकारियों सहित 6 लोगों को रिश्वत लेने और देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनमें पूर्व मध्य रेल के सीएफटीएम संजय कुमार, समस्तीपुर मंडल के सीनियर डीओएम रूपेश कुमार, सोनपुर सीनियर डीओएम सचिन मिश्रा, आभा एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के नवल लाधा, मनोज लाधा और मनोज कुमार साहा शामिल हैं। जांच एजेंसी ने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। सीबीआई की टीम गिरफ्तार लोगों को विशेष अदालत में पेश करेगी। कार्रवाई जारी है। कुछ और लोगों के पकड़े जाने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here