अखिलेश पर फिर बरसे अमित शाह- UP में माफिया जेलों में हैं या समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हैं

0

बीजेपी के सीनियर नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया केवल जेलों या पार्टी के उम्मीदवार की लिस्ट में पाए जा सकते हैं। अतरौली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अगर आप उत्तर प्रदेश में माफिया की खोज करते हैं, तो यह केवल तीन स्थानों पर दिखाई देता है: जेल, उत्तर प्रदेश के बाहर, और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की लिस्ट में।

सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) दोनों की आलोचना करते हुए अमित शाह ने कहा कि बहनजी (मायावती) और अखिलेश यादव जी की सरकार के तहत गुंडे उत्तर प्रदेश के लोगों को परेशान करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यूपी सरकार की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि यूपी में, पुलिस माफिया से डरती थी। योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में माफिया अब उत्तर प्रदेश से बाहर चले गए हैं।

गृहमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ के ताले की फैक्ट्री में बुआ-भतीजा की सरकार ने ताला लगा दिया था। उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार के एक जिला-एक प्रोडक्ट के तहत यहां के ताला उद्योग को बढ़ावा दिया गया। अब ताला बनाने की सैकड़ों फैक्ट्री यहां फिर से शुरू हो गई हैं। सपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए गृहमंत्री ने कहा, अखिलेश बाबू टीके का विरोध करते थे कि ये भाजपा का टीका है हम नहीं लगवाएंगे, उन्होंने देश जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन बाद में खुद भी टीका लगवा लिया। अगर लोग उनकी बात मानकर टीका नहीं लगवाते तो क्या कोरोना की तीसरी लहर में बच पाते?

कहा कि कश्मीर को हमेशा के लिए भारत से जोड़ना चाहिए, धारा 370 हटनी चाहिए। सपा बसपा कांग्रेस हमेशा इसका विरोध करते थे। वह कहते थे कि खून की नदियां बहेंगी, लेकिन अब एक कंकड़ मारने की हिम्मत नहीं है। पहले मौनी बाबा मौन रहते थे। पाक प्रेमियों को मालूम नहीं था कि सरकार बदल गयी है। इसलिए उरी में हमला हुआ लेकिन, इस बार पीएम मोदी थे। हमारी सेना ने 10 दिन में पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का सफाया किया। इससे पूरी दुनिया में संदेश गया कि अब भारत की सीमा पर कड़े प्रहरी हैं।

शाह बोले अब अखिलेश अन्न की पोटली लेकर निकलते हैं। यह परिवार का भला करते हैं, कुछ दिन पहले यहां एक रेड हुई, जिसमें 250 करोड़ रुपये मिले। अब वह बताएं कि इत्र कारोबारी के यहां क्या रिश्ता है, अगर रिश्ता नहीं है तो फिर दर्द क्यों हो रहा है। बोले कि, बुआ, भतीजा सपा बसपा प्रदेश का भला नहीं कर सकते। इन्होंने बीमारू प्रदेश बनाया, यहां अब डबल इंजन की सरकार है। अब गरीब के घर में टॉयलेट है, हर घर में बिजली है। यह प्रधानमंत्री व सीएम की मेहनत का फल है।

उत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को, दूसरे चरण का 14 फरवरी को, तीसरे चरण का 20 फरवरी को, चौथे चरण का 23 फरवरी को, 5वें चरण का 27 फरवरी को, छठे चरण का 3 मार्च को मतदान होगा और 7 मार्च को 7वां चरण का मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here