लालबर्रा मुख्यालय से लगभग ५ किमी. दूर बालाघाट रोड़ स्थित ग्राम पंचायत मिरेगांव के धान खरीदी केन्द्र के समीप ११ फरवरी की रात करीब ९ बजे अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से समनापुर निवासी बाईक सवार दो व्यक्ति घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समनापुर निवासी सुखचंद बहेटवार व अरविंद मकदम दोनों मोटरसाइकिल से समनापुर से लवादा शादी में शामिल होने जा रहे थे तभी बालाघाट रोड़ की ओर से आ रही अज्ञात चार पहिया वाहन चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मिरेगांव के धान खरीदी केन्द्र के समीप मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मारकर फरार हो गया जिससे बाईक में सवार दो व्यक्ति घायल हो गये।
मार्ग से गुजरने वाले लोगों ने तत्काल १०८ वाहन को घटना की सूचना दी और घायलों को तत्काल लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार का गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए दोनों घायल को जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया। इस दुर्घटना में समनापुर निवासी सुखचंद बहेटवार का एक पैर टूट चुका है साथ ही दोनों घायलों को शरीर में अंदुरूनी चोटे आई है।










































