फोटो
बालाघाट (पदमेश न्यूज़)। जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर ग्राम हीरापुर में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का एक मामला सामने आया है। जिसमें शासकीय भूमि पर स्वयं पंचायत के पंच द्वारा अतिक्रमण कर वहां अवैध निर्माण किए जाने का आरोप ग्राम हीरापुर के पूर्व सरपंच सहित अन्य ग्रामीणों ने लगाया है। जिसकी शिकायत शुक्रवार को ग्राम पंचायत हीरापुर के ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर की है। जहां सौपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने सरपंच व उप सरपंच द्वारा अतिक्रमण करने वाले पंच को संरक्षण देकर अतिक्रमण पर पक्का निर्माण करवाए जाने का आरोप लगाया है। तो वहीं उन्होंने पंच द्वारा किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाए जाने की मांग भी की है। जहां उन्होंने मांग पूरी न होने पर गांव से पैदल मार्च निकालकर जिला मुख्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौपने व धरना प्रदर्शन किए जाने की भी चेतावनी दी है।










































