अध्यक्ष पद … भारती सुरजीत ठाकुर के नाम…

0

(उमेश बागरेचा)
कल 7 अगस्त को नगर का प्रथम नागरिक (सेवक) चुना जाना है । प्रशासनिक अमले ने चुनावी तैयारी पूरी मुस्तैदी से कर ली है । भाजपा के सभी पार्षद भी भोपाल से सुबह बालाघाट पहुंच जायेंगे । बालाघाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन (गौरी भाऊ) ने अपने (भाजपा के ) पार्षदों को जिस राजनैतिक मकसद के चलते यात्रा पर भेजा था, वह मकसद आज उनका भोपाल में पूरा हो गया है । सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कल बालाघाट नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर  श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी । ज्ञात हो कि 33 सदस्यीय  बालाघाट नगर पालिका में 18 पार्षद भाजपा के है जो बहुमत से 1  ज्यादा है । 11 पार्षद मात्र कांग्रेस के पास है जो बहुमत से 6 कम है । शेष 4 निर्दलीय पार्षद है । इन परिस्थितियों के चलते कांग्रेस के लिए परिषद की सत्ता में आने का कोई चांस नहीं है । हालाकि कांग्रेस की ओर से निर्दलियों को अपने पास लाने की कोशिश जरूर की गई थी, लेकिन एक तो बहुमत के आंकड़े से काफी दूर होने तथा कांग्रेस में भाजपा जैसा संगठन न होने तथा गौरी भाऊ जैसा आकर्षण ना होने से कांग्रेस की कोशिश को कोई प्रतिसाद नही मिल पाया । चूंकि भाजपा में अध्यक्ष पद के दावेदार भी 1 नहीं 2 नहीं 4 थे तो कांग्रेस पक्ष को थोड़ी उम्मीद थी कि कोई असंतुष्ट होकर उनके संपर्क में आयेगा तो वह भी नही हो पाया तो कांग्रेस के पास अब एक मात्र रास्ता है कि भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध ना चुना जाए इसलिए खाना पूर्ति के लिए वह अपना प्रत्याशी जरूर उतारेगी ।
स्थानीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया जब से शुरू हुई  है तभी से गौरी भाऊ नगर पालिका परिषद बालाघाट में अपनी पसंद के एवं अपने करीबी को अध्यक्ष की कुर्सी पर आसीन कराने की रणनीति के प्रति सजग रहे है । सर्व विदित ही है कि भाजपा संगठन से भाऊ के रिश्ते खट्टे -मीठे है । पार्षदों के टिकिट वितरण में भी भाऊ ने संगठन को किनारे लगाते हुए अपनी पसंद से टिकट बांटी । बताते है संघ की पसंद के लोगों की भी टिकिट काट दी गई और तो और लगभग आधे दर्जन सीटिंग पार्षद जो संघ और संगठन के करीब थे उनकी भी भाऊ ने टिकिट कटवा दी। टिकिट वितरण के बाद भाऊ ने प्रत्याशियों को जिताने में भी काफी मेहनत की,यहां तक कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बुलाकर उनका रोड़ शो भी करा दिया ।
रिजल्ट के पहले आम धारणा थी कि भाजपा से कांग्रेस के पार्षद ज्यादा जीतेंगे और कांग्रेस का अध्यक्ष सत्ता में बैठेगा लेकिन हुआ उल्टा भाजपा के पार्षद ज्यादा जीते कांग्रेस के कम । ये हुआ सिर्फ भाऊ की रणनीति के चलते । वैसे भी भाऊ की पहुंच जहां हो जाती है तो वहां वे लोगो ंको अपने प्रभाव में लें ही लेते हैं। भाऊ की ओर से मानी जाने वाली अध्यक्ष पद की प्रत्याशी श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर को भाऊ ने एक ऐसे वार्ड से लड़ा दिया जहां से जीत पाने की कोई उम्मीद  नहीं थी लेकिन भाऊ को शायद अपने वोटों के गणित पर विश्वास था, जीत भी दिला दिया, अध्यक्ष पद का दावेदार भी बना दिया तथा प्रत्याशी भी बनवा दिया?
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के पास ना तो रणनीति थी ना जवाबदेह नेता थे। जबकि चुनावी माहौल कांग्रेस के पक्ष में था बावजूद इसके कांग्रेस बहुमत से बहुत दूर चली गई। ज्ञात हुआ है कि कांग्रेस से वार्ड नं. 5 की पार्षद श्रीमती लोहिना पंचेश्वर ने अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बनने से इंकार कर दिया है। इस स्थिति में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल सोनी की पुत्रवधु श्रीमती अर्चना सोनी कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी हो सकती है। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस पार्षदों की एक बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सरसवार के निवास पर चल रही है इस बैठक में किरनापुर विधायक सुश्री हिना कावरे भी उपस्थित है। माना जा रहा है कि कल के लिए चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है, अधिकृत तौर पर कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी की अभी तक घोषणा नहीं हो पायी है कल सुबह तक नाम की घोषणा होगी ऐसा समझा जा रहा है।
कुल मिलाकर यह कि कल भाजपा की सरकार नगरपालिका बालाघाट में आसीन होने जा रही है । सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी के रूप में श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर नामांकन दाखिल करेंगी। चूंकि सामान्य वर्ग से अध्यक्ष प्रत्याशी होना है इसलिए उपाध्यक्ष पद पर ओबीसी वर्ग का प्रत्याशी उतारे जाने की संभावना भाजपा में देखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here