अमेरिकन एयरलाइंस में भारतीय छात्र ने पेशाब की:नशे में धुत था, एयरलाइंस ने बैन लगाया; न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट की घटना

0

अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट में नशे में धुत एक भारतीय आदमी ने अमेरिकी यात्री के ऊपर पेशाब कर दी। घटना 3 मार्च की बताई जा रही है। मामला अब सामने आया है। ये फ्लाइट न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही थी। एयरलाइन का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने माफी मांग ली थी। लेकिन, एयरलाइंस ने आरोपी पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिए हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने कहा- फ्लाइट 292 में अमेरिकी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाला एक छात्र शराब के नशे में धुत होकर यात्रा कर रहा था। छात्र का नाम आर्य वोहरा है। उसने सोते समय पेशाब कर दी, जो लीक होकर पास बैठे यात्री पर गिर गई। इस बात की शिकायत क्रू से की गई।

आरोपी ने यात्री से माफी भी मांग ली
अधिकारी ने कहा- फ्लाइट ने 3 मार्च रात 9:16 बजे न्यूयॉर्क से उड़ान भरी थी। 14 घंटे 26 मिनट की यात्रा के दौरान ये घटना हुई। आरोपी ने पीड़ित यात्री से माफी मांग ली। इसलिए वो इस मामले की जानकारी पुलिस को नहीं देना चाहता था। लेकिन जब क्रू को पता चला तो उन्होंने पायलट को बताया।

विमान 4 मार्च सुबह 10:12 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ तो एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) को मामले की सूचना दी गई। दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर CISF के जवानों ने विमान से उतरते ही आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

क्रू की बात नहीं सुन रहा था आरोपी छात्र
अमेरिकन एयरलाइंस ने कहा- छात्र बहुत नशे में था। वो क्रू मेंबर्स की बात नहीं सुन रहा था। जब उसे अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा गया तो वो बहस करने लगा। वो बाकी यात्रियों को परेशान कर रहा था। थोड़ी देर बाद वो सो गया।

26 नवंबर को सामने आया था पहला मामला
फ्लाइट में किसी यात्री पर पेशाब करने का ये तीसरा मामला है। सबसे पहले 26 नवंबर 2022 को ऐसा मामला सामने आया था। तब शेखर मिश्रा नाम के आरोपी ने न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट में एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब कर दी थी।

6 दिसंबर को पेरिस से दिल्ली आ रही एअर इंडिया फ्लाइट में नशे में धुत यात्री ने महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दी थी। महिला ने पुलिस में केस दर्ज कराने से मना कर दिया था। इसलिए CISF और कस्टम ने अपनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को जाने दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here