सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल के 13वें सीजन के विनर का ऐलान हो गया है। अयोध्या के ऋषि सिंह ने सिंगिंग रियलिटी शो जीता। उन्होंने 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ एक कार भी जीती है। कोलकाता की देबोस्मिता रॉय रनर अप रहीं। शीर्ष छह प्रतियोगियों में कोलकाता से बिदिप्ता चक्रवर्ती, सोनाक्षी कार और देबोस्मिता रॉय, जम्मू-कश्मीर से चिराग कोतवाल और वड़ोदरा से शिवम सिंह थे।
इंडियन आइडल 13 जीतना सपना सच होने जैसा है: ऋषि सिंह
अपनी इंडियन आइडल जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, ऋषि सिंह ने कहा, “मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि मैंने इंडियन आइडल 13 की ट्रॉफी जीती है। यह मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा क्षण था। मैं चैनल, जजों और इंडियन आइडल की पूरी टीम का आभारी हूं कि उन्होंने हमें इतना शानदार अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच। मैं अपने सभी प्रशंसकों और दर्शकों का भी आभार व्यक्त करना चाहूंगा जिन्होंने हमेशा मेरा समर्थन किया है और इस प्रतिष्ठित खिताब को जीतने के लिए मुझे वोट दिया है। मेरे सपने को हकीकत में बदलने के लिए धन्यवाद।”
किसे क्या उपहार मिला
ऋषि सिंह को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन की ओर से 25 लाख रुपये का चेक दिया गया और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने उन्हें एक नई ब्रेजा भेंट की। देबोस्मिता रॉय और चिराग कोतवाल को क्रमशः प्रथम और द्वितीय उपविजेता घोषित किया गया और उन्हें एक ट्रॉफी और 5 लाख रुपये का चेक मिला। तीसरे और चौथे उपविजेता बिदिप्ता चक्रवर्ती और शिवम सिंह को तीन-तीन लाख रुपये का चेक दिया गया। सभी 6 फाइनलिस्ट को 1 लाख रुपये का चेक और गिफ्ट हैम्पर भी दिया गया।










































