आज का मौसम 15 मई 2025: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को तेज गर्मी रही। लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। मंगलवार रात आंधी बारिश के बाद धूप की तपिश और नमी ने मिलकर लोगों का गर्मी से हाल बेहाल कर दिया। 16 मई को बूंदाबांदी के आसार हैं, लेकिन गर्मी से राहत 19 मई से ही मिल सकेगी। वहीं यूपी और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आज बारिश की संभावना बन रही है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को शाम के समय आंशिक बादल छाएंगे। जमीनी सतह पर तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 15 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक रह सकता है। 16 मई को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के समय हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री तक रह सकता है। 17 से 18 मई तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। अधिकम तापमान 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री तक रह सकता है। 19 मई से गर्मी में मामूली राहत मिल सकती है। 19 और 20 मई को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री तक रह सकता है।
तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने की संभावना
स्काईमेट के अनुसार, दोपहर में तेज गर्मी रही। वर्तमान में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन निचले स्तरों पर पाकिस्तान के मध्य हिस्सों और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में बना हुआ है। एक अन्य कमजोर सर्कुलेशन उत्तर प्रदेश के तराई वाले क्षेत्रों और उत्तराखंड में सक्रिय है। इन दोनों को जोड़ती हुई एक कमजोर ट्रफ दिल्ली के उत्तर में बहुत नजदीक से गुजर रही है। इन दोनों चक्रवातों के बीच एंटीसाइक्लोनिक मोड़ से हल्की सी हवा का टकराव हो रहा है। यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। इस हफ्ते के बाकी दिनों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। बढ़ती गर्मी गरज वाले बादलों के बनने के लिए एक अच्छा आधार तैयार कर रही है।
बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना
दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और धूल भरी आंधी आने की संभावना बनी हुई है। ये मौसमी घटनाएं बहुत कम समय के लिए होंगी लेकिन तेज हवाओं के साथ होंगी। 16 और 17 मई को यह गतिविधि थोड़ी अधिक तीव्र हो सकती है। प्री-मॉनसून बारिश का सिलसिला अगले हफ्ते तक भी जारी रहेगा। 19 से 22 मई के बीच बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की ज्यादा संभावना है।