रोटरी क्लब आफ बालाघाट टाइगर्स द्वारा 29 नवंबर से 8 दिसंबर तक स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आनंदम उत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें विभिन्न प्रकार के स्टाल लगाए जाएंगे तथा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। यह बात रोटरी क्लब आफ बालाघाट टाइगर्स के पदाधिकारियों ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
इसके संबंध में जानकारी देते हुए रोटरी क्लब आफ बालाघाट टाइगर्स के वरिष्ठ पदाधिकारी रोटेरियन देवेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि इसमें 4 अंतर्राष्ट्रीय स्टाल लगेंगे, साथ ही अलग-अलग व्यंजनों के स्टाल लगाए जाएंगे। इसके लिए बुकिंग ऑफिस का शुभारंभ होटल चंदेला इन में किया जा रहा है। वही अन्य पदाधिकारी रोटेरियन तपेश असाटी ने बताया कि वर्ष 2016 से बालाघाट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है अब वह आनंदम उत्सव के रूप में बदल गया है। गली कूचे में दुकान लगाते थे उन्हें मंच नहीं मिल पाता था इस उत्सव में उन्हें अच्छा मंच मिल जाता है। लोग वर्ष भर इस महोत्सव का इंतजार करते हैं छोटी-छोटी प्रतियोगिताएं होती है सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं हिस्सा लेते हैं। यहां ग्रुप डांस तात्कालिक भाषण में स्कूलों के बच्चे हिस्सा लेते हैं इस आयोजन को बालाघाट में लगातार सफलता मिल रही है। पत्रकार वार्ता के दौरान रोटरी क्लब आफ बालाघाट टाइगर्स के प्रेसिडेंट विजय अग्रवाल एवं सेक्रेटरी लोकमन कौशल मौजूद रहे।










































