पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में हैदराबाद किंग्समेन के खिलाफ अपनी टीम की रोमांचक आखिरी गेंद पर जीत के बाद पेशावर जाल्मी के कप्तान बाबर आजम को आलोचना का सामना करना पड़ा। वहीं, मैच के बाद एक पत्रकार को करारा जवाब दिया। पत्रकार ने मैच खत्म करने की उनकी काबिलियत को लेकर बाबर की तुलना विराट कोहली से की थी। इस पर बाबर खिसिया गए और रिपोर्टर पर भड़ गए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
टॉस जीतकर जाल्मी ने पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। इसके बाद हैदराबाद किंग्समेन को 145 रन के मामूली स्कोर पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बाबर ने 37 गेंदों में 43 रन बनाकर पारी को संभाला, लेकिन मैच खत्म होने से पहले ही वह आउट हो गए। उनके आउट होने के बावजूद जाल्मी ने अपना संयम बनाए रखा और आखिरी गेंद पर एक शानदार जीत हासिल की। इसके बाद बाबर पर मैच न खत्म कर पाने का आरोप लगने लगा।
मैच फिनिशिंग क्षमता पर उठे सवाल
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पाकिस्तानी पत्रकार ने बाबर से उनकी ‘फिनिशिंग’ क्षमता को लेकर हो रही आलोचना के बारे में सवाल पूछा। साथ ही उनकी तुलना भारत के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली से की।
पत्रकार ने पूछा, आपसे बहुत उम्मीदें हैं… आप पारी को आगे बढ़ाते हैं, लेकिन मैच को खत्म नहीं कर पाते। अक्सर आपकी तुलना विराट कोहली से की जाती है… क्या आपको लगता है कि यह तुलना सही है?
‘मैंने बहुत मैच फिनिश किया है’
हालांकि, बाबर ने तुरंत ही इस तुलना को खारिज कर दिया और पत्रकार का सवाल बीच में ही काट दिया।
बाबर का जवाब: आप इसे यहीं खत्म कर दें। आज जिस वजह से सवाल कर रहे हैं छोड़ दें उसको। आपको लगता है कि मैंने मैच फिनिश नहीं किए हैं तो… मैंने कई मैच फिनिश किए हैं, लेकिन आपको ऐसा नहीं लगता कि मैंने उन्हें फिनिश किया है।
ऐसा रहा है रिकॉर्ड
बाबर आजम की प्रतिक्रिया से पता चलता है कि विराट कोहली के साथ बार-बार की जाने वाली तुलना से उनकी निराशा बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान के कप्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बार रन चेज़ के दौरान अपने प्रदर्शन के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा है। कई बार अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद, वह मैच को फिनिश करने में संघर्ष करते दिखे हैं।
साल 2025 के अंत और 2026 की शुरुआत में एक चिंताजनक ट्रेंड देखने को मिला, जब 180 से अधिक के लक्ष्य वाले पांच T20I मैचों में रन चेज करते हुए उन्होंने चार बार ‘डक’ बनाए। इस घटना ने उनकी ‘फिनिशिंग क्षमता’ को लेकर चल रही बहस को और भी तेज कर दिया है।









































