पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत अमोली में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद में एक पति इस कदर हैवान बन गया कि उसने अपनी पत्नि के सिर पर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी जान ले ली। हमले में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सनसनी का माहौल निर्मित हो गया है। वहीं मृतिका महिला अमोली के गाडर आमाटोला रोड़ निवासी ३० वर्षीय मंजू यादव है। जिसके तीन साल की बेटी एवं ४ माह का दुधमुंंहा बेटा है। इस घटना के बाद से लोगों में आक्रोश व्याप्त है और जिन लोगों को इस वारदात की जानकारी लगी तो वे सुनकर हतप्रब्ध रह गये किन्तु पति ने आपसी विवाद में ही पत्नि को मौत के घाट उतार दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी पति को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाद के बाद खोया आपा
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमोली के वार्ड नंबर १५ निवासी रितेन्द्र यादव आमाटोला पहुंच मार्ग गाडर के आगे नदी किनारे परिवार के साथ निवास करते थे और जिनकी शादी वर्ष २०१८ में श्रीमती मंजू यादव से कुमानगांव परसवाड़ा से हुई थी, जिनकी तीन वर्ष की बेटी और ४ माह का बेटा है एवं उनकी माँ गायत्री यादव उनकेसाथ में रहती है। वहीं रितेन्द्र यादव मजदूरी कार्य करता है, मंगलवार की शाम में ४ से ५ बजे के बीच ३० वर्षीय श्रीमती मंजू यादव अपने घर पर रोजाना की तरह घरेलु कार्य कर रही थी। इसी दौरान उसका पति ३८ वर्षीय रितेन्द्र यादव काम कर वापस घर लौटा और इसी बीच दोनों पति-पत्नि में आपसी विवाद होने पर उसने अपनी पत्नि को लोहे की पाइप से सिर पर वार कर दिया। जिससे उसकी पत्नि बेसुध हो गई। वहीं घटनाकारित करने के बाद रितेन्द्र बाहर काम कर रही अपनी माँसे बोला की बच्चों को देखों मैं आ रहा हूं। जिसके कुछ देर बाद उनकी देवरानी घर पहुंची तो देखी की उनकी जेठानी लहूलुहान अवस्था में दरवाजे के समीप पड़ी थी। जिससे देखकर वे घबरा गई और पड़ोसी व परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद यह सनसनी खबर पुरे ग्राम में फैल गई और थोड़ी देर में ही घटना स्थल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं आरोपी पति ने ही इस घटना की जानकारी पुलिस व परिजनों को दी है। जिसके बाद पुलिस घटना स्थल पहुंची और आरोपी पति को अभिरक्षा में लेकर घटना की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि रितेन्द्र यादव के घर पहुंचते ही दोनों पति-पत्नि के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोश में आकर रितेंद्र ने घर में रखे लोहे के एक भारी पाइप से मंजू के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि मंजू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मासूम बच्चों के सिर से उठा माँका साया
अमोली में घटित इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने दो मासूमों के सिर से उनकी माँ का साया ही छीन लिया है। मृतिका मंजू और रितेंद्र के दो छोटे बच्चे हैं। जिनमें एक की उम्र महज ३ साल है वहीं दुसरा ४ माह का दुधमुंहा बच्चा है। वहीं स्थानीयजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका मंजू यादव का मायका परसवाड़ा के कुमानगांव का है। जिनका विवाह वर्ष २०१८ में अमोली निवासी रितेन्द्र यादव के साथ हिन्दु रीति-रीवाजों से संपन्न हुआ था और कुछ वर्षोंसे अमोली बस्ती छोडक़र वैनगंगा बड़ी नहर अमोली गाडर के आगे टोले में परिवार के साथ निवास कर रहा है। दोनों पति-पत्नि में छोटी-मोटी बातों को लेकर कहासुनी होते रहती थी बताया जा रहा है। लेकिन २४ मार्च को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी पत्नि पर आवेश में आकर घर में रखे लोहे के पाइप से प्राणघातक हमला कर दिया। वहीं हमला इतना घातक था की महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पुलिस को घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और एफएसएल की टीम को जानकारी दे दी गई है। वहीं आरोपी पति को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दूरभाष पर चर्चा में थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि अमोली में पति-पत्नि में आपसी विवाद होने पर महिला के सिर में अधिक चोट लगने से उसकी मृत्यु हुई है, मामले की जांच की जा रही है।









































