बीते सप्ताह केंद्र सरकार द्वारा साफ्ट आइल यानी सोयाबीन और सनफ्लावर आइल के आयात पर शुल्क घटाकर आधा करने का असर बाजार में दिख रहा है। बीते दिनों में तेल के दाम नरम हुए। सोमवार को इंदौर बाजार में तेल के दामों में स्थिरता रही। हालांकि राखी का त्योहार निपटने के बाद सोमवार को बाजार में उपभोक्ता ग्राहकी नहीं है। थोक में भी लेवाली कमजोर रही। सोयाबीन तेल के दाम 1415-1420 बोले गए। मूंगफली तेल भी स्थिर बना रहा। इस बीच वायदा में तेल और तिलहन में तेजी का दौर रहा। माना जा रहा है कि वायदा की तेजी मंगलवार-बुधवार से हाजर में तेल की कीमतों को प्रभावित कर सकती है।
विदेश में पाम तेल के मार्केट अभी नरम बने हुए है। मलेशिया पाम नरमी है। इंडोनेशिया में पाम तेल का उत्पादन आने वाले दिनों में बढ़ने के आसार है। दूसरी और हाजर में सोयाबीन के साथ सरसों में तेजी दर्ज हो रही है। सोयाबीन की कमी के कारण प्लांटों ने भी सोयाबीन खरीद के भाव 200 से 300 रुपये तक बढ़ा दिए। बीते दिनों सरकार ने सोयामील के आयात को अनुमति दे दी है। इसके बावजूद सोमवार को डीओसी के भाव में तेजी आ गई। बताया जा रहा है कोरोना संक्रमण विदेश में बढ़ने और बंदरगाहों का कामकाज प्रभावित होने के कारण तेलों और डीओसी के आयात में देरी हो रही है।
ऐसी स्थिति में आगे यदि त्योहारी मांग जोर पकड़ती है तो सरकारी कोशिशें भी तेल की तेजी को नहीं थाम सकेगी। हालांकि सितंबर के बाद सोयाबीन की नई फसल आ जाएगी। सट्टेबाजों के लिए भी अब तेजी के लिए महीनेभर से कम समय बचा है। ऐसे में बाजार में एक तेजी और लाकर बाजार को नीचे के स्तरों के लिए छोड़ा जा सकता है। इस पूरे वर्ष सोयाबीन के दाम उच्चतम स्तर पर रहे। सरसो अभी भी 8000 रुपये बिक रही है।
बाजार में ताजा तेजी की बजाय नई फसल के लिए धारणा बनाई जा रही है। आने वाले वर्ष में सोयाबीन किस भावों पर बिकेगा यह देखने वाली बात रहेगी। माना जा रहा है कि इस साल की तेजी और महंगे बीज के कारण अब सोयाबीन को 3500 से 4000 के पुराने स्तर पर बेचने के लिए न तो किसान मानेंगे और न ही प्लांट और मंडी वालों के लिए एकदम से दाम को इतने नीचे ले जाना संभव होगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि नई फसल के सोयाबीन के दाम भी शुरुआत में 6000 से 7000 के बीच मिल सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो शुरुआती फसल के लिए सोयाबीन के ये दाम भी नया रिकार्ड बनाएंगे।
लूज तेल (प्रति दस किलो) : इंदौर मूंगफली तेल 1530 से 1550, मुंबई मूंगफली तेल 1540, इंदौर सोयाबीन रिफाइंड 1415 से 1420, इंदौर सोयाबीन साल्वेंट 1345 से 1350, मुंबई सोया रिफाइंड 1380, मुंबई पाम तेल 1255 से 1257, इंदौर पाम 1355, राजकोट तेलिया 2410 से 2420, गुजरात लूज 1565, कपास्या तेल इंदौर 1465 से 1470, मुंबई डीगम1460 रुपये।
तिलहन : सरसों 7900 से 8000, रायडा 8000से 8100, सोयाबीन 8700 से 9200 रुपये क्विंटल। सोयाबीन डीओसी स्पॉट 85500 से 86000 रुपये टन।
प्लांटों के सोयाबीन भाव : शांति 9500, प्रेस्टीज 9400, महाकाली 9300, कृति 9100, लक्ष्मी 8750, सांवरिया 9400, रुचि 9300, धानुका 9700, एम. एस पचोर 9600, प्रकाश 9700, सिवनी 9000 व एवी 9600 रुपये।
कपास्या खली ( 60 किलो भरती) बिना टेक्स भाव : इंदौर 2250, देवास 2250, उज्जैन 2250, खंडवा 2225, बुरहानपुर 2225, अकोला 3200 रुपये।