आलेझरी पंचायत में डेढ़ साल से बंद नल जल योजना का प्रारंभ कार्य

0

ग्राम पंचायत आलेझरी में डेढ़ साल से स्वीकृत नल जल योजना का कार्य बंद पड़ा है। जिसको लेकर इस ग्राम में निवासरत ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों में आक्रोश व्याप्त है। उनका साफ तौर पर कहना है कि जब नल जल योजना के लिये १ करोड़ रूपये की शासन ने राशि स्वीकृत की है तो फिर अधूरा कार्य अभी तक क्यों नही पूरा हुआ। बताया जा रहा है की नल जल मिशन व हर घर पानी योजना के रूप में आलेझरी पंचायत में यह योजना दो से तीन वर्ष पूर्व स्वीकृत हुई थी जिसकी टंकी तो बन गई है मगर पूरे ग्राम में पाईप लाईन बिछाने का कार्य अधूरा पड़ा। ऐसे में ग्रामीणों को पानी के अन्य साधनों के सहारे पानी लाना पड़ रहा है।

१ करोड़ की राशि से स्वीकृत हुई थी नल जल योजना – जितेन्द्र

इस संबंध में पद्मेश को जानकारी देते हुये जनपद सदस्य जितेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया की यह योजना २०१९ व २० में स्वीकृत हुई थी। जिसकी लागत लगभग १ करोड़ रूपये की है। डेढ़ साल से कार्य बंद है। सिर्फ टंकी का निर्माण कार्य हुआ है। वही कुछ मकानों के सामने ही नल जल योजना की पाईप लाईन बिछी है। जिसमें भी पीएचई विभाग व संबंधित ठेकेदार ने करीब ८० लाख रूपये निकाल लिये है। वे मंगलवार २२ नवंबर को ग्रामीणों के साथ जिला जनसुनवाई में जाकर इस मामलें को कलेक्टर के संज्ञान में लायेंगे व निष्पक्ष जॉच करवाकर दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग करेंगें।

१ किलोमीटर दूर से ला रहे ग्रामवासी पानी – उपसरपंच

वही ग्राम पंचायत आलेझरी के उपसरपंच अरविंद पटले ने बताया की ग्रामीणों को नल जल योजना का पानी न मिल पाने के कारण करीब १ किलोमीटर दूर तक पानी लाने जाना पड़ रहा है। यह नल जल योजना हमारे ग्राम की बहुप्रतिक्षित योजना है। लेकिन लगभग डेढ़ वर्ष हो गये इस योजना पर किसी प्रकार का कार्य नही किया गया। उपसरपंच श्री पटले ने बताया की विभाग व संबंधित ठेकेदारों ने मिली भगत कर करीब ७० से ७५ लाख रूपये की राशि आहरित कर ली है। आज भी हम कुऐं का ही पानी पीकर अपनी प्यास बुझा रहे है जो काफी दूर से लाना पड़ रहा है।

पानी की समस्या हल करे शासन प्रशासन – पंच रामप्रसाद

वार्ड क्रमांक ९ के पंच रामप्रसाद नेवारे ने पद्मेश को बताया की उनके वार्ड में पानी की सबसे ज्यादा समस्या है। वे लोग १ से अधिक किलोमीटर दूर से पानी लेकर आते है। खासकर महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है। हालांकि ग्राम में हेड़पंप है जिससे वे निस्तारी का पानी ही लेते है वही पीने के लिये सार्वजनिक कुऐं से पानी लाना पड़ता है। जिस गति से पीएचई विभाग ने नल जल योजना का कार्य प्रारंभ किया था वो कार्य पूरी तरह से बंद हो चुका है। अब हम शासन प्रशासन से यह चाहते है कि हमारी इस समस्या का समाधान करे।

शीघ्र ही होगी नल जल योजना प्रारंभ – एसडीओं पीएचई

इस मामलें में पद्मेश को दूरभाष पर जानकारी देते हुये पीएचई विभाग के अनुविभागीय अधिकारी प्रकाश सूर्यवंशी ने बताया की लगभग हमारी नल जल योजना की लाईन तैयार है। कुछ छुटमुट कार्य बचे हुये है जिन्हे भी शीघ्र पूर्ण करवाकर यह नल जल योजना पंचायत के सुपुर्दे कर दी जायेगी। श्री सूर्यवंशी ने बताया की विद्युत कार्य ही बचा है जिसके लिये बकायदा खंभे भी आ गये है। जिनका भुगतान भी कर दिया गया है। शीघ्र ही हम इस ग्राम में नल जल योजना प्रारंभ कर देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here