उत्तराखंड में एक दलित को मंदिर में जाने की सजा दी गई। ग्रामीणों ने दलित को रस्सी से बांधा और फिर जलती हुई लकड़ी से उसे रातभर पीटते रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला उत्तरकाशी जिले के सलरा गांव में 9 जनवरी का है। इसकी जानकारी अब सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि 22 साल का आयुष मंदिर में पूजा करने के लिए गया था। वहां मौजूद उच्च जाति के लोग उसे देख कर नाराज हो गए। तभी लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद 10 जनवरी को पीड़ित को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया।
उत्तरकाशी SP अर्पण यदुवंशी ने बताया कि आयुष की शिकायत के आधार पर पांच ग्रामीणों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।










































