मध्य प्रदेश में नमी कम होने से खतरे के बादल छटते नजर आ रहे हैं। प्रदेश के अधिकांश जिलों में नमी कम होने के कारण बरसने लगे हैं और धूप की तल्खी बढ़ने लगी है। शनिवार सुबह से ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में चिलचिलाती धूप निकली, जो पूरे दिन बरकरार रही। यही कारण है कि प्रदेश की अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि देखने को मिली है। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस राजगढ़, खजुराहो, दमोह, दतिया में दर्ज किया गया है।
वहीं प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी तेजी से बढ़त देखी जा रही है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस मलाजखंड बालाघाट में दर्ज हुआ है इस सीजन की यह सर्वाधिक बढ़त है। जबकि प्रदेश की अधिकांश जिलों का न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इससे रात में भी गर्मी महसूस की जाने लगी है।
इन जिलों में हुई बूंदाबांदी
उधर, शनिवार को भी प्रदेश के कुछ स्थानों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। जबलपुर, ग्वालियर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज हुई है जबकि शेष जिलों का मौसम शुष्क रहा। लेकिन कहीं भी ओलावृष्टि की खबर नहीं है। सिवनी जिले के लखनादौन में शनिवार रात जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। इन जिलों में बिजली भी गिर सकती है।