पदमेश न्यूज़,बालाघाट।पूरे देश में चल रही है एसआईआर प्रक्रिया के बीच जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर थाना व ग्राम पंचायत भरवेली में 16 मुस्लिम परिवारों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है।जिसमें उन्हें बाहरी व्यक्ति बताते हुए उनका नाम वोटर लिस्ट से काटने के नाम पर दो लोगों ने बीएलओ को फार्म-7 भरकर दिया है। जिसमें आपत्तिकर्ताओं ने भरवेली वार्ड नंबर 15, 16 और 17 के 25 से 30 मुसलमानों के नाम पर आपत्ति जताते हुए उनके नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने की गुहार लगाई है।जिसकी जानकारी मिलने पर पीड़ितों, समाजसेवियों और वार्ड न 15 के पंच ने, मंगलवार की देर रात भरवेली थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दी है। जहां दो लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत देते हुए पीड़ितों ने मामले की वैधानिक जांच कर, उन्हें बहारी व्यक्ति बताकर, उनकी छवि को धूमिल करने वाले दोनों व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले में वैधानिक कार्यवाही करने और उन्हें इंसाफ दिलाए जाने की गुहार लगाई है। इस दौरान हमीदा बी, बफात बी, जुलेखा बी, मुस्कान खान, रुबीना खान, कलीम शेख ,सामाजिक कार्यकर्ता इमरान खान और वार्ड पंच विक्रम सिंह मसकोले सहित अन्य पीड़ित उपस्थित रहे।
सिर्फ मुस्लिमो को ही किया जा रहा टारगेट
पीड़ितों का आरोप है कि एसआईआर के नाम पर फार्म-7 भरकर, आपत्ति ली जा रही है।लेकिन उस आपत्ति में सिर्फ और सिर्फ मुस्लिमो का नाम दर्ज कराकर उनसे वोट देने का अधिकार छीनने का प्रयास किया जा रहा है।जबकि जितनों लोगों के नाम फार्म 7 में भरकर आपत्ति लगाई गई है, वह सभी जन्मजात से उसी वार्ड के निवासी हैं।बावजूद इसके भी जानबूझकर सिर्फ और मुसलमानों को ही टारगेट बनाते हुए उनसे उनका अधिकार छीना जा रहा है। पीड़ितों द्वारा इस मामले में संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्जकर मामले में वैधानिक कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है।
शांति सुरक्षा खराब कर, आपसी सौहार्द बिगाड़ने की हो रही कोशिश
भरवेली थाने में दिए गए आवेदन में पीड़ितो ने इस बात का उल्लेख किया कि वे और उनके पूर्वज विगत कई वर्षों व जन्म जात से ग्राम भरवेली में निवास करते चले आ रहे है,उनके द्वारा कभी भी गांव में शांति सदभाव खराब नहीं किया गया है, किंतु हमारे गांव के 2 लोगो के द्वारा अपने ही गांव के कुछ साथियों के साथ मिलकर हमारा नाम एस०आई०आर० सूची से हटाने व गांव की शांति खराब कर, सद्भावपूर्ण वातावरण बिगाड़ने की नियत से झूठी जानकारी दी जा रही है। दो साम्प्रदायों के बीच वैमनष्यता फैलाने की नियत से फार्म -7 के झूठे आवेदन प्रस्तुत कर हमें भारत का नागरिक नहीं कहा जा रहा है तथा हमारा झूठा प्रचार किया जा रहा है कि हम लोग बाहरी है, जिससे हम तथा हमारे परिवार की गांव व समाज में छबि धूमिल हुई है।उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया कि यदि इन लोगो पर कोई कठोर दण्डात्मक कार्यवाही नहीं की गई तो उसके हौसले बुलंद हो जायेंगे। हमारी मांग है कि ऐसे लोगों पर एफआईआर दर्ज कर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाए वहीं उन्हें न्याय दिलाया जाए।
फार्म 7 में झूठी जानकारी दे कर, मताधिकार छीनने का हो रहा प्रयास-मुस्कान खान
दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने अपने साथियों के साथ पहुंची वार्ड नंबर 15 निवासी मुस्कान खान ने बताया कि हमें बीएलओ से नोटिस आया है कि आप लोग भारत के नहीं है।बताया गया कि हमारे नाम पर दो लोगों ने आपत्ति जताते हुए फॉर्म-7 भरकर दिया है।जिसमें उन्होंने झूठी जानकारी देकर हमारा मताधिकार छीनकर, वोटर लिस्ट से हमारा नाम कटवाने का प्रयास किया है। जिसकी शिकायत लेकर हम भरवेली थाना आए हैं।हमारी मांग है कि इस मामले में वैधानिक कार्यवाही की जानी चाहिए।
मामले में संबंधितों के खिलाफ दर्ज किया जाए प्रकरण- विक्रम सिंह मर्सकोले
मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान वार्ड नंबर 15 पंच विक्रम सिंह मर्सकोले ने बताया कि आज सुबह हमें जानकारी मिली कि मेरे बूथ अंतर्गत आने वाले वार्ड नं 15,16,और 17 के कुछ लोगों के नाम आपत्ति जताई गई है।एसआईआर के नाम पर उनके नाम काटे जाने के लिए आवेदन किया गया है।गांव के ही दो लोगों ने उनके नाम पर आपत्ति जताई है जबकि जिन लोगों के नाम पर आपत्ति जताई गई है वह जन्मजात से इसी वार्ड में रह रहे हैं। इनके बाप दादा को मैं जानता हूं, 50 साल से अधिक समय से वे इसी वार्ड में रह रहे हैं। हमारी मांग है कि एसआईआर के नाम पर वोटिंग लिस्ट से नाम काटने के लिए फॉर्म 7 भरकर देने वालो और झूठी जानकारी भरकर आपत्ति दर्ज करने वालों दोनों लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
मुस्लिमो के वोट देने का अधिकार छीनने का हो रहा प्रयास- इमरान
मामले की शिकायत लेकर पीड़ितों के साथ भरवेली थाना पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता इमरान खान ने बताया कि हमें पता चला है कि ग्राम भरवेली में वार्ड नंबर 15, 16 ,17 के जो निवासी हैं। जो 50 से अधिक वर्षों से उसी वार्ड में रह रहे हैं उनके नाम काटने के लिए बीएलओ के पास फार्म7 भरकर दिया गया है। गांव के ही दो लोगों द्वारा करीब 25 से 30 मुसलमानों के नाम वोटर लिस्ट से कटाकर,वोट देने का अधिकार छीनने का प्रयास किया जा रहा है ऐसे लोगों के खिलाफ हम एफआईआर दर्ज कराने आए हैं क्योंकि यहां सिर्फ और सिर्फ मुसलमानों को टारगेट किया जा रहा है यह चिंता का विषय है।संविधान में जो वोट देने का अधिकार है उसे छीना जा रहा है।पीड़ितों के खिलाफ झूठी जानकारिया की जा रही है ऐसे लोगों पर एफआईआर दर्ज कर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।











































