जबलपुर में ऑस्ट्रेलिया से आई 38 वर्षीय महिला का 40 वर्षीय पति भी कोविड पॉजिटिव आया है। इसके साथ जबलपुर में एक्टिव केस की संख्या दो हो चुकी है।
महिला ऑस्ट्रेलिया में आर्किटेक्ट का काम करती है। 22 दिसंबर को अपने दो बच्चों के साथ ऑस्ट्रेलिया से मुंबई आई थी। इसके बाद मुंबई से जबलपुर पहुंची थी। गुरुवार को सर्दी-खांसी होने पर पति के साथ जाकर कोरोना टेस्ट कराया। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने महिला को घर में आइसोलेट कर दिया। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में महिला के पति को भी पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद पति को भी होम आइसोलेट कर दिया गया है।
स्वास्थ्य संचालक डॉ. संजय मिश्रा का कहना है महिला के साथ ऑस्ट्रेलिया से आए दोनों बच्चों का भी कोविड टेस्ट के लिए सैंपल वायरोलॉजी लैब भेजे गए हैं। साथ ही जबलपुर में रह रहे महिला के माता-पिता का भी टेस्ट लैब में भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग मरीज की कॉन्टैक्ट हिस्ट्री भी तलाशने की कोशिश कर रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अमेरिका से लौटी एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव निकली थी। महिला ठीक होकर वापस अमेरिका लौट गई है।