कड़ाके की ठंड से कांपा उत्तर भारत, दिल्ली में बर्फीली हवाओं का दौर, माउंट आबू में पहुंचा पारा -2.5

0

नई दिल्ली : दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत भीषण सर्दी की चपेट में है। हिमाचल अंचल प्रदेशों में जमकर बर्फबारी हुई है। पहाड़ियां बर्फ से ढंक गई है। इस बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर पड़ा है। राजधानी दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और बिहार में लोगों का सामना हाड़ कंपा देने वाली ठंडक से हो रहा है। राजस्थान के माउंट आबू में तापमान गिरकर माइनस 2.5 तक पहुंच गया है। जबकि चुरू में पारा माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात के समय में धुंध और कोहरे की वजह से ट्रेनों का आवागमन एवं सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। लोग सड़कों पर अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने में जुटे हैं। 

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से सर्दी बढ़ी
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से दिल्ली में सर्दी काफी बढ़ गई है। गुरुवार को चली बर्फीली हवाओं ने दिल्ली का पारा गिरा दिया है और लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। गुरुवार को राजधानी में ‘बेहद ठंडा’ दिन रहा। दिन का अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम का यह अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है।

दिल्ली में शीतलहर चलने का अनुमान
आईएमडी ने शनिवार को दिल्ली में ‘शीत लहर’ चलने का अनुमान जताया है। विभाग का कहना है कि इस तरह का मौसम सोमवार तक जारी रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को केलांग, मनाली और कल्पा में पिछले 24 घंटों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा।

हरियाणा में पारा गिरा
हरियाणा में अंबाला, हिसार, करनाल, भिवानी, रोहतक और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.4 डिग्री, 4.2 डिग्री, 4.9 डिग्री, 4.8 डिग्री, 4.4 डिग्री और 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री जबकि लुधियाना में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में न्यूनतम तापमान 5.8, आदमपुर में 6.6 डिग्री, हलवाड़ा में छह डिग्री और बठिंडा में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

श्रीनगर में तापमान गिरा
श्रीनगर में तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा जो कि पिछली रात 4.8 डिग्री सेल्सियस था। इस मौसम में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शहर में पिछली रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी जिसके कारण कई जलाशय जम गए।गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री कम था।

यूपी में हल्की बारिश
गुरुवार को उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई जबकि शेष स्थानों पर मौसम आमतौर पर शुष्क रहा। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस तापमान गोरखपुर में जबकि सबसे कम तापमान बरेली में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चुरू, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर एवं भरतपुर जिले में आगामी चौबीस घंटे में कहीं-कहीं शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here