कतर में LGBTQ समुदाय का समर्थन करते हुए रेनबो टी-शर्ट पहनने के कारण हिरासत में लिए गए अमेरिकी पत्रकार ग्रांट वाहल की मौत हो गई है। वाहल के भाई ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि ग्रांट वाहल शुक्रवार को अर्जेंटीना और नीदरलैंड का मैच कवर करने के दौरान स्टेडियम में गिर गए थे। जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। ग्रांट के भाई एरिक ने उनकी मौत के लिए कतर की सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।
इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर दी जानकारी
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में ग्रांट के भाई ने कहा, मेरा नाम एरिक वाहल है। मैं ग्रांट वाहल का भाई और गे हूं। एरिक ने अपने वीडियो में बताया है कि उनके गे होने का समर्थन करने की वजह से ही ग्रांट ने रेनबो वाली टीशर्ट पहनी थी। जिसके चलते उन्हें हिरासत में ले लिया गया था।
कतर पर लगाए हत्या के आरोप
एरिक ने अपने भाई का कत्ल होने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि मेरा भाई पूरी तरह से स्वस्थ था। उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही थी। मुझे यकीन है कि उसे मारा गया है। उन्होंने लोगों से पूरे मामले की जांच कराने में मदद मांगी है।
न्यूजलेटर में की थी तबियत खराब होने की शिकायत
ग्रांट के भाई का कहना है कि अभी ये पता नहीं चल पाया है कि उनकी मौत किस समय हुई। स्टेडियम में गिरने के बाद उन्हें सीपीआर दिया गया था। ग्रांट की मौत पर अमेरिका का गृह मंत्रालय और व्हाइट हाउस भी नजर रख रहा है। हालांकि ग्रांट ने कुछ दिन पहले ही एक न्यूजलेटर पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अपनी सेहत को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि मेरा शरीर टूट रहा है, मैं तीन हफ्तों से ठीक से सो नहीं पाया हूं। मुझे लगता है कि मुझे ब्रोंकाइटिस है।
अमेरिका की सॉकर टीम ने जाहिर किया दुख
अमेरिका के फुटबॉल कवर करने वाले पत्रकार की मौत पर वहां की सॉकर टीम ने भी दुख जाहिर किया है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि वो हमेशा फुटबॉल से जुड़ी अच्छी और रोचक स्टोरीज लाने के काम माहिर थे। ग्रांट ने सॉकर को अपनी जिंदगी का मकसद बना लिया था।










































