बालाघाट(पदमेश न्यूज़)। वारासिवनी रोड स्थित ग्राम पंचायत डोंगरिया की शासन से स्वीकृत 10 एकड़ भूमि में पृथक एलएलबी कॉलेज में बनकर तैयार हो गया है ।जहां अब पोर्टल पर भी पृथक एलएलबी कॉलेज डोंगरिया में प्रवेश लेने के लिए रिक्त सीट दिखाई जा रही है। यह बात हम नहीं कह रहे हैं बल्कि यहां आरोप एनएसयूआई छात्र संगठन द्वारा पीजी कॉलेज प्रबंधन पर लगाया गया है। बताया गया कि अभी डोंगरिया में विधि कॉलेज की बिल्डिंग भी बनकर तैयार नहीं हुई है।बावजूद इसके भी वहां पर एडमिशन के लिए एलएलबी की रिक्त सीट दिखाई जा रही है, जबकि पीजी कॉलेज के पोर्टल में एलएलबी की एक भी सीट दर्ज नहीं है। जिसके चलते एलएलबी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भ्रमित हो रहे हैं।जिस पर अपनी आपत्ति जताते हुए एनएसयूआई संगठन ने सोमवार को पीजी महाविद्यालय में एक ज्ञापन सौंपते हुए ,जल्द से जल्द पीजी कॉलेज पोर्टल में एलएलबी की सीट दर्शाए जाने की मांग की है। जहां उन्होंने इस मांग को पूरी करने के लिए कॉलेज प्रबंधन को तीन दिनों की मोहल्ला दी है। जहां तीन दिनों के भीतर मांग पूरी न होने पर 20 जून को एनएसयूआई छात्र संगठन द्वारा पीजी कॉलेज में जंगी प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया जाने की भी चेतावनी दी गई है।
करीब 6 वर्ष पूर्व मिली थी स्वीकृति, कालेज बनना तो दूर आज तक बिल्डिंग भी नही बनी
नगर के अग्रणीय महाविद्यालय पीजी कॉलेज में वर्षो से लंबित प्रथक लॉ कॉलेज की मांग पूरी होती नजर नही आ रही है। प्रथक लॉ कॉलेज निर्माण के लिए पीजी महाविद्यालय को शाशन द्वारा करीब 06 वर्ष पूर्व वारासिवनी रोड स्थित ग्राम डोंगरिया में 10 एकड़ जमीन आवंटित की गई थी। भूमि के हस्तांतरण के बाद कयास लगाए जा रहे थे जिले में प्रथक लॉ कॉलेज का सपना पूरा हो जाएगा।लेकिन यह सपना महज सपना बनकर ही रह गया है।बताया जा रहा है कि शाशन ने ला कॉलेज बनाने के लिए 10 एकड़ जमीन तो दे दी लेकिन उस भूमि में बिल्डिंग निर्माण के लिए फंड का आवंटन अब तक नही किया है।तब से लेकर आज तक पृथक ला कालेज की राह में फंड की कमी एक बड़ी रुकावट बनी हुई है।
तो 20 जून को महाविद्यालय का घेराव कर पुतला दहन किया जाएगा- ऋषभ
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान एनएसयूआई छात्र नेता ऋषभ सहारे और शुमेद बंसोड ने सयुक्त रूप से बताया कि शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी महाविद्यालय के एलएलबी डिपार्टमेंट में सीटों को शून्य कर दिया गया है। जबकि शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी महाविद्यालय के द्वारा बार काउंसलिंग ऑफ़ इंडिया को मान्यता के लिए 2028 तक का पेमेंट 21 लाख रुपए किया गया है। जो पेमेंट पीजी कॉलेज के नाम से किया गया है।लेकिन जब विद्यार्थी एलएलबी में एडमिशन कराने के लिए पोर्टल देख रहे हैं तो पीजी कॉलेज में एलएलबी की एक भी सीट नहीं दिख रही है।पोर्टल पर शून्य सीट है। जबकि पोर्टल में डोंगरिया विधि महाविद्यालय दिख रहा है। जबकि वहां कोई कॉलेज नहीं बना है। इसके विरोध में हमने कॉलेज प्रबंधन को ज्ञापन सौपा है। एनएसयूआई मांग करती है कि शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी कालेज में भी एलएलबी डिपार्टमेंट चालू रहे। और विद्यार्थियों को एडमिशन दिया जाए। पीजी कॉलेज के पोर्टल पर एलएलबी डिपार्टमेंट में सीट दर्शाने के लिए हमने कॉलेज प्रबंधन को तीन दिनों की मोहल्ला दी है। यदि इन तीन दिनों के भीतर हमारी मांग पूरी नहीं की जाती, तो फिर एनएसयूआई छात्र संगठन के बैनर तले 20 जुन को महाविद्यालय घेराव कर पुतला दहन किया जाएगा।










































