चीन में कोरोना के बढ़ते मामले फिर डराने लगे हैं। इसे देखते हुए केंद्र सरकार अलर्ट पर है। देश में COVID-19 की स्थिति पर बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक की। मंडाविया ने बताया कि कोरोना का खतरनाक चीनी वैरिएंट BF-7 सितंबर में ही भारत आ गया था। वडोदरा में एक NRI महिला में इसके लक्षण मिले थे। वह अमेरिका से वडोदरा आई थी। उसके कॉन्टैक्ट में आए 2 अन्य लोगों की भी जांच हुई थी। हालांकि, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बाद में महिला ठीक हो गई थी।
इसके अलावा BF-7 के दो अन्य केस अहमदाबाद और ओडिशा में भी मिले थे। इधर, हेल्थ मिनिस्ट्री की हाई लेवल मीटिंग में मंडाविया ने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, पर भारत हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। हमने सभी संबंधित लोगों को अलर्ट रहने और निगरानी बढ़ाने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक एयरपोर्ट्स पर इंटरनेशनल फ्लाइट्स से आने वाले यात्रियों की रैंडम सैंपलिंग भी शुरू कर दी गई है।










































