नई दिल्ली : कोरोना महामारी की सुनामी के बीच चार राज्यों एवं एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव का नतीजा आज आ रहा है। सभी की नजरें बंगाल पर टिकी हैं। लोग यह जानना चाहेंगे कि यहां ममता बनर्जी अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब हो जाएंगी या भारतीय जनता पार्टी उन्हें सत्ता से बेदखल कर देगी। बंगाल का चुनाव नतीजा राष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित करेगा। एग्जिट पोल्स में बंगाल में कांटे की टक्कर बताई गई है। असम में सर्वानंद सोनोवाल सरकार सत्ता में एक बार फिर वापसी कर सकती है। तमिलनाडु में डीएमके गठबंधन इस बार सरकार बना सकता है तो केरल में लेफ्ट की एक बार फिर सत्ता में वापसी हो सकती है। पुडुचेरी में एनडीए के सरकार बनाने के आसार हैं। इन पांच राज्यों के चुनाव से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें इस प्रकार हैं-
- बंगाल की सबसे हाई प्रोफाइल सीट नंदीग्राम है। इस सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से है।
- असम में भाजपा दूसरी बार सरकार बनाने की कोशिश करेगी। यहां उसका मुकाबला कांग्रेस गठबंधन से है। यहां मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और मंत्री हेमंत बिस्वा सरमा के चुनाव नतीजे पर सबकी नजर है।
- तमिलनाडु की सत्ता में भाजपा अपना दस्तक देना चाहती है। इस राज्य में भाजपा ने एआईएडीएमके के साथ गठबंधन किया है।
- केरल में भाजपा अकेले चुनाव लड़ रही है। यहां लेफ्ट और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के बीच चुनाव मुकाबला है।
- चुनाव आयोग ने गत मंगलवार को सभी तरह के विजय जुलूस पर रोक लगा दिया। मद्रास हाई कोर्ट ने कोरोना संक्रमण फैलाने के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया है।
- टाइम्स नाउ-सी वोटर के एग्जिट पोल में बंगाल में टीएमसी को सबसे बड़े दल के रूप में दिखाया गया है। असम में भाजपा की दोबार सरकार बन सकती है।
- पश्चिम बंगाल में विस चुनाव आठ चरणों में, असम में तीन चरणों में और तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक-एक चरण में हुए।
- आयोग ने चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में मतगणना के लिये 822 निर्वाचन अधिकारियों और 7,000 से अधिक सहायक निर्वाचन अधिकारियों को नामित किया है।
- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी समेत पांच राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश की कुल 822 विधानसभा सीटों पर पड़े मतों की गणना आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
- मतगणना दिवस को लेकर आयोग द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार कोविड-19 नेगेटिव रिपोर्ट साथ लाए बिना किसी भी उम्मीदवार या उसके एजेंट को मतगणना कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।










































