नगर मुख्यालय से लगे ग्राम कोसमी में शराब दुकान का विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की दोपहर में फिर महिलाओं का आक्रोश सामने आया। कोसमी में गोंदिया तोड़ के समीप शराब दुकान खुल जा रही है जिसको लेकर लोगों में काफी नाराजगी है खासकर महिला वर्ग में। महिलाओं का कहना है कि वे वहा शराब दुकान नहीं खुलने देंगे।
रविवार की दोपहर में वहा जिस स्थान में शराब दुकान लगाई जा रही थी वहां रखें टपरे में शराब रखी जा रही थी। उसी दौरान महिलाओं ने देखते ही पुरजोर विरोध किया, इस दौरान काफी विवाद भी हुआ। विवाद होने की जानकारी लगते ही ग्रामीण थाने का पुलिस अमला मौके पर पहुंचा, ग्रामीण थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना स्वयं मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराया।
कोसमी के जिन लोगों द्वारा यहां शराब दुकान खोले जाने का विरोध किया जा रहा है उनमें जनपद उपाध्यक्ष जुगल बम्बूरे प्रमुख रूप से शामिल है, उनके द्वारा यहा शराब दुकान खोले जाने को लेकर जमकर आक्रोश व्यक्त किया गया।
इस मामले में ग्राम पंचायत कोसमी के सरपंच त्रिलोक बम्बूरे ने बताया कि यह शराब दुकान करीब 6 से 7 वर्षों से ग्राम पंचायत कोसमी में संचालित थी। इस पर ग्राम के किसी व्यक्ति विशेष को आपत्ति नहीं थी, न ही आज तक कोई विरोध हुआ।
मोबाइल पर चर्चा करने पर नवेगव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप खन्ना ने बताया कि शराब दुकान के मामले का कल निराकरण होगा। आज शासकीय कार्यालय बंद है इनको दुकान व जमीन कहां अलॉट है, राजस्व विभाग वाले बताएंगे, उसके बाद ही इसका निराकरण होगा। हम शांति भंग नहीं होने देंगे।










































