हाड़ कंपा देने वाली शीतलहर के कारण उत्तर भारत में लोगों का हाल बेहाल है, वहीं दूसरी ओर घने कोहरे के कारण कई ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कुछ राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के ताजा अपडेट के मुताबिक, 8 से 10 जनवरी के बीच उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में छिटपुट हल्की बारिश की भी संभावना जताई है
बनी रहेगी घने कोहरे की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, सर्द मौसम ने उत्तरी और मध्य राज्यों को अपनी चपेट में ले लिया है। इसी बीच आने वाले कुछ दिनों तक घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने 6 से 9 जनवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की भविष्यवाणी की है। 6 जनवरी से पश्चिम मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और ओडिशा में भी 6 और 7 जनवरी को कोहरा छाने की आशंका है।
इस राज्यों में बढ़ेगा ठंड का टॉर्चर
हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में ठंड का टॉर्चर बढ़ सकता है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में पालम में अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें – 4.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान -3.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे के कारण 136 उड़ानों में विलंब
कोहरे के कारण कई ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हुई है। इसके अलावा दिल्ली में आइजीआइ एयरपोर्ट पर 136 उड़ानें प्रभावित हुई है। जयपुर की उड़ान 8, जबलपुर की 3, उदयपुर की 2 और जम्मू एवं ग्वालियर की उड़ान तीन घंटे के विलंब से चल रही है।