खंडवा में दादाजी दरबार पहुंच मंत्री उषा ठाकुर ने लगाई झाडू

0

खंडवा। दो दिन के प्रवास पर खंडवा आईं जिले की प्रभारी मंत्री उषा ठाकुर शनिवार को श्रीधूनीवाले दादाजी दरबार में पहुंची। यहां उन्होंने श्रीदादाजी की समाधि के दर्शन करने के बाद परिसर में सफाई के लिए झाड़ू उठा ली। उन्होंने गेट नंबर दो के पास छोटे दादाजी के मंदिर के सामने झाड़ू लगाई। इस दौरान यहां उनके साथ विधायक देवेंद्र वर्मा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्रीदादाजी दरबार में समाधि दर्शन के बाद मंत्री भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां वे प्रादेशिक वर्चुअल बैठक में शामिल हुईं। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान जब मंत्री का स्वागत फूलमाला और बुके से किया गया तो मंत्री ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई नसीहत पर चलते हुए बुके नहीं बुक देकर स्वागत करना चाहिए। फूलमाला के स्थान पर नारियल भेंट किया जाए।

भाजपा कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम के दौरान कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन होता नजर नहीं आया। मंत्री सहित विधायक और अन्य नेताओं तक ने मास्क पहनना जरूरी नहीं समझा। कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का जन्मदिन भी मनाया गया। भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद मंत्री उषा ठाकुर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here