बालाघाट(पदमेश न्यूज़)
पदमेश न्यूज़ और बालाघाट एक्सप्रेस अखबार की खबर का असर एक बार फिर देखने को मिला है। जहां खबर का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका के चंद्रशेखर हॉकी मैदान में एस्ट्रोटर्फ लगाने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसके लिए मैदान में जहां तहां पड़े गिट्टी चूरी के ढेर को मैदान में बिछाकर मैदान को समतल किया गया है तो वहीं उक्त मैदान में डामरीकरण का कार्य भी तेजी से शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि डामरीकरण का कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद मैदान में एस्ट्रोटर्फ लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।आपको बताएं कि लंबे समय से मैदान में एस्ट्रोटर्फ लगाने की यह प्रक्रिया लगभग बंद सी पड़ी थी। जिसके चलते पदमेश न्यूज़ और बालाघाट एक्सप्रेस अखबार द्वारा 20 नवम्बर के अंक में “तो कैसे पूरा होंगा गोल्डन जुबली हॉकी महाकुंभ का सपना ?”अब तक नही लगा एस्ट्रोटर्फ, ना बन पायी अन्य व्यवस्था'” के नाम से शीर्षक लगाकर खबर का प्रकाशन किया था तो वही संबंधित अधिकारियों के मामला संज्ञान में लाकर वर्तमान हालातो से उन्हें अवगत कराया था। जहां खबर का प्रकाशन होने के तुरंत बाद संबंधित विभाग और अधिकारी हरकत में आए और उन्होंने खबर का संज्ञान लेते हुए एक बार फिर ठेकेदार से बोलकर चंद्रशेखर हॉकी मैदान में एस्ट्रोटर्फ लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिसके चलते मैदान में एस्ट्रोटर्फ लगाने के लिए तेजी से मैदान में डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
खबर प्रकाशन के बाद शुरु हुआ काम
आपको बताए कि वर्षो की मांग के बाद 7.26 करोड़ लागत से उक्त मैदान को टर्फ मैदान में बदलने की स्वीकृति मिल पाई थी। 10 मार्च 2021 में पूर्व मंत्री एवं विधायक गौरीशंकर बिसेन के मुख्य आतिथ्य, आयुष मंत्री रामकिशोर कावरे की अध्यक्षता और तत्कालीन नपाध्यक्ष अनिल धुवारे सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में कार्य का भूमिपूजन करवा कर कार्य शुरू करवाया गया। लेकिन अधूरे निर्माण के बाद काम को बंद कर दिया था। जो खबर प्रकाशन के बाद शुरू किया गया है।
जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में होना है हॉकी का महाकुंभ
आपको बताए कि नगर के शहीद चंद्रशेखर आजाद स्टेडियम में 07 करोड़ 26 लाख की लागत से हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान कार्य लेट लतीफी और लापरवाही की भेंट चढ़ रहा था। अधूरे में काम बंद कर दिया गया था।जिसको लेकर हमने अपने 20 नवंबर के अंक में खबर का प्रमुखता से प्रकाशन किया। खबर प्रकाशन के साथ ही शुक्रवार से ही कार्य को पुन: शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में मैदान को भरन कर समतल किए जाने के साथ एस्ट्रोटर्फ लगाने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।ज्ञात हो कि इस मैदान में जनवरी 2025 के प्रथम सप्ताह में हॉकी महाकुंभ ऑल इंडिया गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाना है।
ये कार्य किए गए शुरू
बताया जा रहा है कि शुक्रवार से मैदान में टर्फ बिछाने के लिए बेस पूरी तरह से तैयार किया जाना शुरू किया गया है पानी निकासी के लिए पाइप लाइन भी मंगवाई गई है।भरन भरने के बाद मैदान को समतल कर डामरीकरण के बाद टर्फ तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही एक बार फिर हॉकी महाकुंभ होने की चर्चाएं शुरू हो गई है। उधर कार्य मे तेजी आने पर हॉकी खिलाडिय़ों में हर्ष की लहर बनी हुई है।
तीन वर्षो से किया जा रहा इंतजार
जानकारी के अनुसार जिले में हॉकी खिलाड़ी स्व नारायणसिंह की स्मृति में ऑल इंडिया गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट करवाया जाता है। इस टूर्नामेंट को देखने जिले सहित अन्य जिलों के हॉकी प्रेमी भी बड़ी संख्या में पहुंचते है। लेकिन टर्फ मैदान निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पिछले तीन वर्षो से यह हॉकी टूर्नामेंट नहीं हो पाया है। तब से जिलेवासी और खिलाड़ी इस टूर्नामेंट का इंतजार कर रहे हैं। मैदान पूरी तरह से तैयार होने के बाद इनका इंतजार खत्म हो सकता है। वहीं इस बार वर्ष 2025 के प्रथम सप्ताह में हॉकी का महाकुंभ भव्य रूप से किए जाने की तैयारियां की जा रही है।








































