इंदौर,Helth Indore News। अरिहंत चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा घुटनों व कूल्हों के प्रत्यारोपण शिविर 21 फरवरी को दोपहर दो बजे से अरिहंत अस्पताल में होगा। इसके लिए अब तक 351 लोगों के रजिस्ट्रेशन हो चुके है। इसमें 117 जरूरतमंद बुजुर्गों का मुफ्त घुटनों व कूल्हों का प्रत्यारोपण किया जाएगा। शिविर में समग्र समाज का कोई भी 50 वर्ष से अधिक उम्र का व्यक्ति भाग ले सकता है।
ट्रस्ट के डा. प्रकाश बंगानी और महेंद्र बांगानी ने बताया कि जिन लोगों ने रजिस्ट्रेशन किया है उनमें से योग्य मरीज का चयन प्रत्यारोपण के लिए शिविर में होगा। चयनित मरीजों को प्रत्यारोपण की तारीख दी जाएगी। निर्धारित तारीख पर मरीज का प्रत्यारोपण पूर्णत: निशुल्क होगा। मार्गदर्शक वीरेंद्रकुमार जैन और रेखा जैन ने बताया कि चयनित मरीजों की भर्ती होने से लेकर डिस्चार्ज होने तक जांचों से लेकर प्रत्यारोपण सभी कुछ निशुल्क रहेगा। इस सेवा कार्य पर एक करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। शिविर का उद्घाटन सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गौड़, कलेक्टर मनीष सिंह करेंगे।
प्रत्यारोपण जोड़ों को सक्रिय करने में मददगार
ट्रस्टी डॉ. प्रकाश बांगानी ने बताया कि घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी जिसे ‘नी आर्थोप्लास्टी” के नाम से भी जाना जाता है। इसके जरिए दर्द से राहत पाने और गंभीर रूप से रोगग्रस्त घुटनों के जोड़ों को वापस सक्रिय करने में मदद मिलती है। इस प्रक्रिया में जांघ की हड्डी और घुटने की हड्डी से क्षतिग्रस्त हड्डी को काटकर उसके स्थान पर मिश्र धातुओं, उच्च श्रेणी के प्लास्टिक और पॉलिमर से बना विश्व स्तरीय कृत्रिम अंग लगाया जाता है।










































