विज्ञान और तकनीक के इस युग में इंसानी श्रम की महत्ता कम होती जा रही है। कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंसानों से काम छीन रहा है। इसका सबसे ताज़ा उदाहरण है ये रोबोट। वैसे तो आपने रोबोट बहुत सारे देखें होंगे, लेकिन आज हम जिस रोबोट की बात करने जा रहे हैं वो बेहद खास है। दरअसल ये रोबोट सिर्फ चल फिर नहीं सकता बल्कि वो इंसानों की तरह बातें भी करता है। लिहाज़ा इस बेहद स्पेशल रोबोट को एक स्टाफ के तौर पर दुबई के एक म्यूजियम में रखा गया है। इस रोबोट का नाम है अमेका। इसे कॉर्नवाल स्थित फर्म इंजीनियर आर्ट्स द्वारा बनाया गया है। दुबई के म्यूजियम ऑफ द फ्यूचर के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि वो म्यूजियम में आने वाले गेस्ट का अभिवादन कर रहा है और वो उससे बातें कर रहा है।
कंपनी के अनुसार अमेका सवालों के जवाब दे सकता है और लोगों को निर्देश दे सकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से ये इस तरह के काम करने में सक्षम है। इतना ही नहीं इसमें अलग-अलग चेहरे के भाव बनाने की क्षमता भी है, जैसे कि भौंकना, मुस्कुराना, पलक झपकना और अपने होठों को साफ करना। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में रोबोट एक महिला के साथ बातचीत कर रहा है, जो संभवत: संग्रहालय की कर्मचारी है। बॉट ने उसे आश्वासन दिया कि वह मदद करने के लिए है न कि बदलने के लिए। अमेका को संग्रहालय में ‘टुमॉरो टुडे’ प्रदर्शनी के बाहर रखा जाएगा। ये आयोजन लगभग 50 तकनीकी इनोवेशन को प्रदर्शित करता है जो ‘विश्व चुनौतियों का समाधान कर सकते हैं।’ कहा जाता है कि अमेका को विशेष रूप से भविष्य की रोबोटिक्स प्रौद्योगिकियों में विकास के लिए एक मंच के रूप में डिजाइन किया गया है।










































