चाय-नाश्ते का खर्च भी बचा लेता था इंजीनियर, छापे में मिली करोड़ों की संपत्ति

0

लोकायुक्त छापे में करोड़ों की संपत्ति के मालिक निकले धार के सहायक इंजीनियर देवेंद्र कुमार जैन के इंदौर के स्कीम-78 के घर में भी लोकायुक्त पुलिस की टीम पहुंची। धार के दोनों घरों में कुछ खास संपत्ति नहीं मिलने के बाद यहीं सबसे अधिक संपत्ति मिलने की संभावना थी। यहां हर कमरे में अलमारी और लाकर मिले, जिनमें गहनों को अलग-अलग रखा गया था। लोकायुक्त टीम ने छत पर बनी पानी की टंकी तक खंगाल डाली। बाहर खड़ी एक्टिवा की तलाशी भी ली गई। इस बीच बेटे राजदीप ने नईदुनिया से कहा, हमारा संयुक्त परिवार है। मेरे दो भाई इंजीनियर हैं और बड़े पैकेज पर हैं। हमारे पास सारी संपत्ति के दस्तावेज हैं। लोकायुक्त अधिकारियों ने जैन के यहां छापा मारने के पहले जब उसके बारे में जानकारियां जुटाई तो पता चला वह कम खर्च के लिए मशहूर हैं। चाय-नाश्ते के रुपये भी बचा लेता था। जब भी किसी निरीक्षण के लिए जाना होता, हमेशा दूसरे के वाहन पर जाता था। लोकायुक्त को लग रहा था उसके यहां आय से दोगुनी संपत्ति ही मिलेगी, लेकिन मिली कई गुना ज्यादा।

जज हैं किराएदार : जांच अधिकारियों के अनुसार धार में जैन के दो मकान हैं। एक सरकारी मकान में वह पत्नी सरोज के साथ रहता है। वहीं खुद का जो घर बनाया है, वह एक जज को किराए पर दे रखा है। टीम वहां पर भी गई थी, तब पता चला इसे किराए पर दे रखा है।

एक लोकायुक्त प्रकरण पहले से : डीएसपी आनंद यादव ने बताया जैन वर्ष 2013 से 2019 तक राऊ नगर पालिका जिला इंदौर में भी उपयंत्री रहा। तब कालोनाइजर एवं टीडीके गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्या के पदाधिकारियों के साथ मिलीभगत कर संस्था की भूमि पर नियम प्रक्रियाओं के विपरीत बहुमंजिला भवनों के निर्माण की अनुमति जारी कर दी थी। इसकी जांच होने पर वर्ष 2019 में संस्था पदाधिकारियों एवं अन्य सहित कुल 13 आरोपितों के विरुद्ध विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में अपराध पंजीबद्ध हुआ था, जिसमें जैन का भी नाम था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here