धरनावदा थानाक्षेत्र में बुधवार की रात चुनावी रंजिश पर दो युवकों के साथ गंभीर मारपीट की गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें एक युवक ने गुरुवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इधर, नाराज मृतक के स्वजन और समाजजनों ने शुक्रवार सुबह अस्पताल में हंगामा कर दिया। उनकी मांग थी कि आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए, जिसके बाद पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद उन्होंने जयस्तंभ चौराहा पर चक्काजाम किया, जहां से हाइवे पर पहुंच गए। वहीं पुलिस ने चार नामजद में से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अज्ञात सहित चार की तलाश जारी है। एसपी ने आरोपितों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
जानकारी के अनुसार सोठी गांव के रहने वाले लक्ष्मीनारायण पुत्र प्रेमसिंह यादव उम्र 26 साल अपने चचेरे भाई मोहरसिंह यादव के साथ बुधवार रात बारोदिया कला गांव शादी समारोह में शामिल होकर वापस गांव लौट रहे थे। इसी बीच एबी रोड पर सूकेट गांव के कुछ लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। इसमें लक्ष्मीनारायण और मोहरसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां गुरुवार रात लक्ष्मीनारायण उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह अस्पताल में बड़ी संख्या में समाजजन एकत्रित हो गए। इस दौरान स्वजनों की मांग थी कि आरोपितों के घरों पर बुलडोजल चलाया जाए, जिसके बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इधर, सूचना मिलते ही मौके पर सीएसपी श्वेता गुप्ता, नगर निरीक्षक मदनमोहन मालवीय, कैंट टीआई विनोद छावई सहित पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन आक्रोशित समाजजन अस्पताल से जयस्तंभ चौराहा आ गए, जहां चक्काजाम करने के बाद नेशनल हाइवे-46 पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस अधिकारी स्वजन और समाजजनों को समझाइश दे रही है।










































