परासिया में दिन दहाड़े मान पेट्रोल पंप पर सोमवार की दोपहर एक वकील की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे दो सगे भाइयों का नाम सामने आया है, आरोपितों की बहन से मृतक ने प्रेम विवाह किया था, तब से ही दोनों भाई नाराज चल रहे थे। आरोपित चांदामेटा के बुटरिया निवासी सौरभ पिता प्रकाश चौरसिया (24) तथा उसका सगा छोटा भाई शिवम चौरसिया (20) हैं। जिनकी बहन ने मृतक रितेश चौरिया से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बनती थी।
सोमवार को चांदामेटा के मंगली बाजार निवासी मृतक एडवोकेट रितेश चौरिया (32) परासिया के मान पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा, तो हमलावर सगे भाइयों ने पीछे से आकर उस पर अचानक तलवार व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान वकील ने मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण वह मौके से भाग नहीं पाया था। पेट्रोल पंप के केबिन में पहुंचकर मृतक वकील रितेश चौरिया ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर भीड़ लग गई सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा वकील को तत्काल पुलिस वाहन में अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपितों की तलाश शुरू कर दी तथा समीप के सीसीटीवी भी पुलिस ने तत्काल खंगालना शुरू कर दिया था।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने वकील रितेश का कोर्ट परिसर से पीछा किया था। यह बात भी सामने आ रही है कि जब कोर्ट में मृतक वकील कोई कागजात बनवा रहा था, इसी दौरान आरोपित उसकी ओर दौड़े थे, इसी दौरान वह कोर्ट परिसर से निकलकर मान पेट्रोल पंप के सामने आ गया था।
इसी दौरान हमलावरों ने पीछे से उस पर धारदार हथियारों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। दिन दहाड़े इस हत्या के मामले के बाद परासिया में तनाव का माहौल है। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस ने सभी मार्गों पर घेराबंदी कर दी। आरोपित सौरभ व शिवम को पुलिस ने न्यूटन के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
इनका कहना है
मृतक रितेश चौरिया ने कुछ समय पहले आरोपित सौरभ, शिवम चौरसिया की बहन से प्रेम विवाह किया था। इस बात को लेकर दोनों भाई नाराज थे। दोनों भाईयों ने योजना बनाकर पेट्रोल पंप के सामने धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यूटन में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।