वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरिया रामपायली निवासी 35 वर्षीय महिला जंगली सूअर के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना उस समय हुई जब ज्योति बिसेन अपने खेत के जामुन के पेड़ के नीचे जामुन चुनकर खा रही थी। घटना के बाद महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है। इस घटना में महिला को शरीर के विभिन्न स्थानों पर गंभीर चोटें आई है। इस दौरान उपस्थित जनों के द्वारा क्षेत्र में जंगली सूअर की बढ़ती आबादी पर चिंता जताते हुए आक्रोश व्यक्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरीश बिसेन ग्राम पंचायत पिपरिया रामपायली के निवासी है जो पेशे से किसान है जिनके द्वारा रबी की खेती लगाई गई थी जहां पर गहानी का कार्य प्रारंभ है। इस दौरान हरीश बिसेन अपनी पत्नी ज्योति बिसेन के साथ सोमवार की दोपहर करीब 2:00 बजे खेत में चल रहे कार्य को देखने के लिए गए हुए थे। जहां पर वह अपने खेत में पहुंचे हुए थे तभी जामुन का पेड़ दिखाने पर ज्योति बिसेन पेड़ के नीचे जामुन चुन रही थी तो वहीं हरीश बिसेन थोड़ी दूरी पर चले गए थे। इस दौरान अचानक जंगली सूअर ने ज्योति बिसेन के ऊपर हमला कर दिया जहां वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसकी चीख सुनकर उनके पति वह आसपास के कार्य कर रहे किसानों के द्वारा जंगली सूअर को भगाने का कार्य किया गया। इसके बाद तत्काल ज्योति बिसेन को सिविल अस्पताल वारासिवनी में लाकर भर्ती किया है जहां पर उनका उपचार जारी है। मामले में अस्पताल तहरीर पुलिस थाना वारासिवनी को भेज दी गई है जिनके द्वारा मामले में घायल महिला के बयान ले लिए गए हैं वहीं आगे कार्यवाही की जा रही है। विदित हो की रामपायली क्षेत्र के पिपरिया ग्राम के आसपास बड़ी संख्या में जंगली सूअर की उपस्थिति बनी हुई है। जहां पर वह आसानी से लोगों को खेतों में भ्रमण करते हुए नजर आती है जिसके द्वारा लोगों पर हमला किया जाता है। तो वही खेतों में फसल को खोदने और खेत में गड्ढा करने का भी कार्य किया जा रहा है जिससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। पिपरिया के लोगों पर जंगली सूअर का हमला हो रहा है इसके पहले भी कई बार ऐसे हादसे हो चुके हैं जिनके द्वारा वन विभाग को व्यवस्था बनाने की मांग भी की गई थी परंतु आज तक कोई व्यवस्था वन विभाग के द्वारा नहीं की गई है जंगली सूअर की दहशत बनी हुई है।