मां को फांसी के फंदे में लटका देख पांच साल की बच्ची सहम गई। वह मां को बचाने के लिए मदद लेने घर के बाहर दौड़ी। मदद करने वाले आए भी लेकिन इस बीच देर हो गई। बच्ची की कोशिश कामयाब नहीं हो पाई और उसकी मां ने दम तोड़ दिया। गढ़ा थाना क्षेत्र में भाजपा के रानी दुर्गावती मंडल अध्यक्ष की पत्नी ने बीते सोमवार फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को पुलिस ने शव का पीएम कराया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस ने बताया कि सुरेन्द्र सैनी भाजपा रानी दुर्गावती मंडल अध्यक्ष है। उसका विवाह लगभग 10 से 12 साल पूर्व संगीता सैनी (36) से हुआ था। उनकी दो बेटी और एक बेटा है। प्रतिदिन की तरह सोमवार को सुरेन्द्र घर से बाहर गया था। संगीता और पांच वर्षीय बेटी घर थे। शाम लगभग साढ़े पांच बजे न जाने क्या हुआ कि संगीता ने फंदा लगाया और उसमें लटक गई। उसे फांसी पर लटका देख बिटियां घबरा गई। मां को बचा पाने में वह खुद नाकाम रही, तो उसने घर से बाहर की ओर दौड़ लगा दी। वह एक किराना दुकान में पहुंची । जहां काम करने वाले सुदामा नगर निवासी योगेश सोनी उर्फ राजा को बताया कि मां फंदे पर लटककर तड़प रही है। यह सुनकर वह मदद के लिए आया। इस बीच महेंद्र रजक,बबलू सैनी समेत कई पहुंच गए। महेंद्र ने फौरन हंसिए की मदद से फंदा काटकर संगीता को नीचे उतारा उसे अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर है कि परिवारिक कलह के कारण महिला ने ये कदम उठाया।