रेयान बर्ल की घातक गेंदबाजी से जिम्बाब्वे ने मेजबान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को पहली बार उसी की धरती पर हराया है। यहां सीरीज के दूसरे एकदिवसीय क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे ने जीत के साथ ही यह अहम उपलब्धि हासिल की है। इस मैच में जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर रेयान ने अपने तीन ओवर में 5 विकेट लिए।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने इस जीत की खुशी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा की है। इस वीडियो में जिम्बाब्वे के खिलाड़ी टीम बस में नाचते , गाते हुए नजर आये। इस दौरान बल्लेबाज सिकंदर रजा को बस में टीम के साथियों सहित गाना गाते और जबरदस्त डांस करते हुए देखा गया। इस गाने को जिब्बाब्वे क्रिकेट टीम के आधिकारिक प्रशंसक ग्रुप ने बनाया है।
इस मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर मेजबान टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। मेजबान कंगारु बल्लेबाज जिम्बाब्वे के गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाये और केवल 141 रन ही बना पाये। मेजबान टीम की ओर से सबसे ज्यादा 94 रन सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने बनाए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे के कप्तान रेगिस चकाब्सा ने नाबाद 37 रन बनाकर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दी। हार से निराश ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने माना है कि मेहमान टीम जिम्बाब्वे ने अच्छा प्रदर्शन किया है। साथ ही कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाली किसी भी टीम को कम नहीं आंका जा सकता है।










































