‘ज्योतिरादित्य सिंधिया कोई तोप नहीं हैं….’:कमलनाथ बोले- इतने ही बड़े नेता थे तो अपने क्षेत्र में चुनाव क्यों हारे?

0

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमें सिंधिया की जरूरत नहीं है, अगर वे इतने बड़े तोप थे तो ग्वालियर का महापौर चुनाव क्यों हारे, मुरैना का महापौर चुनाव क्यों हारे?

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने ये बात शुक्रवार को टीकमगढ़ के रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। बता दें कि बीते साल हुए निकाय चुनाव में सिंधिया के प्रचार के बावजूद ग्वालियर और मुरैना दोनों जगह भाजपा महापौर चुनाव हार गई थी।

बुंदेलखंडी में कहा- राम-राम पौंचे

पूर्व सीएम कमलनाथ ने यहां एक जनसभा को भी संबोधिय किया। वे जैसे ही मंच पर भाषण देने पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों का अभिवादन करते हुए बुंदेलखंडी में कहा राम-राम पौंचे। इसके बाद उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत की।

देश को तोड़ने का काम कर रही भाजपा

कमलनाथ ने भाषण में कहा कि भारत एक ऐसा अनोखा देश है, जिसमें विभिन्न जाति, संप्रदाय और भाषाओं के लोग रहते हैं। आजादी के बाद से कांग्रेस ने देश को एकजुट करने का काम किया, लेकिन भाजपा अब देश को वर्ग, संप्रदाय और जातियों के नाम पर बांटने का काम कर रही है।

संस्कृति और संविधान बचाने के लिए करें वोट

उन्होंने कहा कि चुनाव होते रहते हैं, लेकिन इस बार के चुनाव महत्वपूर्ण हैं। इस इस बार हमें देश की संस्कृति और संविधान बचाने के लिए वोट करना होगा। विकास और बेरोजगारी की बात बाद में भी हो जाएगी, लेकिन इस बार संस्कृति और संविधान को बचाना जरूरी है।

टीकमगढ़ जनसभा में पूर्व सीएम ने की घोषणा
– MP में कांग्रेस सरकार बनी तो पुरानी पेंशन लागू करेंगे
– सरकार बनने पर टीकमगढ़ में मेडिकल कॉलेज खोलेंगे
– बुंदेलखंड के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराएंगे
– युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए करेंगे प्रयास
– भाजपा के लोग हमें ना सिखाएं राष्ट्रवाद का पाठ
– मोदी और शिवराज जिस स्कूल में पढ़े, कांग्रेस ने कराया उसका निर्माण

राज्य सरकार पर लगाए कई आरोप

जनसभा से कमलनाथ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया। जिसमें उन्होंने सरकार पर हमला करते हुए कहा, बुंदेलखंड क्षेत्र में आज तक भाजपा की सरकार किसानों को पानी मुहैया नहीं करा सकी है। बेरोजगारी से युवा परेशान है। किसानों को बिजली नहीं मिल रही है। सीडी कांड के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुझे हनीट्रैप मामले की सीडी दिखाई थी। चंद मिनट देखने के बाद ही मैंने उन्हें रोक दिया था। मैंने सीडी सार्वजनिक इसलिए नहीं की, क्योंकि पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी थी। मैं नहीं चाहता था कि जांच किए बिना लोगों की बदनामी हो।

गोशाला के सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा- भाजपा सरकार जानबूझकर गोशालाओं को ठीक ढंग से नहीं चला रही है। आज गायों को 2 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से भी भूसा-चारे का पैसा नहीं दिया जा रहा है।

गरीबों को बेघर कर रही भाजपा सरकार

कमलनाथ ने कहा 4 जनवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान टीकमगढ़ के दौरे पर आए थे। तब उन्होंने कन्या पूजन किया था और 1 सप्ताह बाद ही प्रशासन ने उन बेटियों का घर गिरा दिया था। इस सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के घर गिराने का काम कर रही है। जिस बेटी के मुख्यमंत्री ने पांव पूजे उसका घर गिराने से भाजपा का चेहरा उजागर हुआ है।

टीकमगढ़ दौरे पर पहुंचे कमलनाथ

इससे पहले पूर्व सीएम कमलनाथ सुबह हेलिकॉप्टर से भोपाल से टीकमगढ़ पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन रोड पर गो पूजन, कन्या पूजन और संत पूजन किया। फिर सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here