पुदुचेरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पुदुचेरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार पुदुचेरी में बदलाव की बयार दिखाई दे रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज यहां विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उनके साथ में पदुचेरी की उपराज्यपाल तमिलसाई सुंदरराजन भी मौजूद रहीं। वी नारायण सामी की सरकार के गिरने के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि पुदुचेरी की जनता कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति का आनंद उठा रही है।
कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे औपनिवेशिक शासकों की नीति थी फूट डालो और राज करो। कांग्रेस की नीति फूट डालो, झूठ बोलो और राज करो की है। कभी-कभी उनके नेता क्षेत्र को क्षेत्र के खिलाफ , समुदाय को समुदाय के खिलाफ खड़ा कर देते हैं। पुदुचेरी में 2016 में एक सरकार बनी जो कांग्रेस आलाकमान की ही सेवा में लगी रही, उनकी प्राथमिकताएं अलग थीं।’
कांग्रेस लोगों के काम करने में नहीं करती है विश्वास
पीएम मोदी ने कहा, ‘2016 में पुदुचेरी के लोगों ने बहुत उम्मीद के साथ कांग्रेस के लिए वोट किया, उन्हें लगा कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। 5 साल बाद लोग निराश हैं, उनके सपने और उम्मीदें टूट चुकी हैं। हाईकमांड कांग्रेस सरकार ने पुदुचेरी में शासन के हर सेक्टर को नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस लोगों के लिए काम करने में विश्वास नहीं करती है, मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस क्यों नहीं चाहती कि कोई दूसरा लोगों के लिए काम करे।’










































