ऑस्ट्रेलिया में रविवार से हो रहे आईसीसी टी20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। यहां तक कि टूर्नामेंट के लिए रखे गये सभी 600,000 से अधिक टिकट बिक गये हैं। इस वैश्विक टूर्नामेंट में 22 अक्टूबर से बड़ी टीमों के महामुकाबले सात शहरों में खेले जाएंगे। इसमें न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया का शुरुआती मैच 22 अक्टूबर को खेला जाएगा। सिडनी क्रिकेट मैदान में खेले जाने वाले इस मैच के लिए रखे गये सभी टिकट भी बिक गये हैं।
इसके बाद 23 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला भी खेला जाएगा, जिसके 90,000 से अधिक टिकट केवल 10 मिनट के अंदर ही बिक गए थे। यह मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट मैदान में खेला जाएगा। यहां तक कि श्रीलंका और नामीबिया के बीच होने वाले शुरुआती मैच के भी केवल कुछ ही टिकट बचे हैं। इसमें 16 अक्टूबर को ही यूएई का सामना नीदरलैंड से होगा। यह दोनों ही मैच जिलॉन्ग के 36,000 कार्डिनिया पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे।
आईसीसी टी20 विश्व कप प्रमुख मिशेल एनराइट ने कहा, हमें खुशी है कि हम इस रविवार को जिलॉन्ग में होने वाले टूर्नामेंट के शुरुआती मैच और एक सप्ताह बाद सुपर 12 चरण के मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ के साथ तैयार हैं। अक्टूबर में क्रिकेट के लिए पूर्ण स्टेडियम देखना शानदार होगा। इस प्रतियोगिता से पहले आधिकारिक बिक्री केंद्र शुरू किया जाएगा, जहां प्रशंसक अंकित मूल्य पर टिकट खरीद सकते हैं। वहीं 27 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश और भारत व ग्रुप ए उपविजेता वाले डबर हेडर मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे. इस मैच के भी सभी टिकट बिक गये हैं। पहले दौर और सुपर 12 मैचों के लिए बच्चों (2-16 वर्ष) के लिए टिकट केवल 5 डॉलर हैं, और वयस्क टिकट 20 डॉलर से शुरू होते हैं।










































