विश्व महिला टेनिस की शीर्ष संस्था डब्ल्यूटीए ने साल 2023 के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसमें चीन में अगले साल भी कोई टूर्नामेंट नहीं रखा गया है। डब्ल्यूटीए के अनुसार सितंबर में होने वाले अमेरिकी ओपन तक चीन किसी टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं करेगा। महिला टेनिस टूर ने कहा कि इस सत्र का आखिरी डब्ल्यूटीए फाइनल्स 2030 तक चीन के शेंझेन में होना है। इससे पहले साल 2020 में कोरोना महामारी के कारण इसका आयोजन नहीं किया गया था। इसके बाद 2021 में मेक्सिको और इस साल टैक्सास में यह खेला गया। टूर के सीईओ स्टीव सिमोन ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि साल 2023 में यह टूर्नामेंट कहां खेला जायेगा। उन्होंने कहा था कि चीन में इसके आयोजन से पहले कुछ मामलों का बात होनी है। उन्होंने टेनिस स्टार पेंग शुआइ की सुरक्षा और कोरोना प्रतिबंधों को भी एक बड़ा कारण बताया।
चीन की एक महिला टेनिस स्टार शुआइ एक पूर्व सरकारी अधिकारी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद से लापता है। जिसके कारण डब्ल्यूटीए ने विरोध स्वरुप चीन में अपने सभी टूर्नामेंटों को रद्द कर दिया था।










































