थाना कोतवाली अंतर्गत डायल-112 वाहन को इवेंट के दौरान बैहर चौकी क्षेत्र स्थित काली मंदिर के पास दो छोटे बच्चे बिना किसी वयस्क अभिभावक के घूमते हुए मिले। इनमें एक बालक और एक बालिका शामिल थे। पूछताछ करने पर बालक ने अपना नाम गनपत टेकाम तथा बालिका ने अपना नाम तुलसा टेकाम बताया। दोनों ने अपने पिता का नाम संतलाल टेकाम बताया। डायल-112 में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक पुनीत बघेल एवं चालक धनेन्द्र पटले ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित थाना कोतवाली परिसर लाया। वहां बच्चों को नाश्ता कराया गया तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इसके बाद पुलिस टीम बच्चों के माता-पिता की तलाश में बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र की ओर रवाना हुई। रेलवे स्टेशन के पास बच्चों के माता-पिता मिले, जिन्हें बच्चों की फोटो दिखाकर पुष्टि की गई। मां ने अपना नाम श्यामबती बाई पति संतलाल टेकाम तथा पिता ने अपना नाम संतलाल टेकाम पिता महासिंह टेकाम निवासी बागडोंगरी, थाना मलाजखंड बताया। पहचान की पुष्टि होने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके माता-पिता को सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक कामेश धुमकेती, सहायक उप निरीक्षक अजय डहेरिया, प्रधान आरक्षक युगल किशोर पटले, आरक्षक पुनीत बघेल एवं डायल-112 चालक धनेन्द्र पटले सहित थाना कोतवाली बालाघाट के अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की तत्परता से दोनों बच्चे सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच गये ।










































