एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा सुसाइड केस में साथी कलाकार शीजान मोहम्मद को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है।
तुनिषा का रविवार तड़के मुंबई के जेजे अस्पताल में पोस्टमॉर्टम हुआ। शुरुआती रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना बताया जा रहा है। तुनिषा ने शनिवार को शूटिंग के सेट पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ था।
पुलिस FIR के मुताबिक, जीशान ने 15 दिन पहले तुनिषा से ब्रेकअप कर लिया था। इसकी वजह से तुनिषा तनाव में थी। पुलिस ने शीजान को आज कोर्ट में पेश किया है। वह रिमांड की मांग कर रही है। हालांकि, शीजान के वकील का कहना है कि सारे आरोप निराधार हैं।
तुनिषा केस के अपडेट्स…
- तुनिषा शर्मा के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी हुई। विसरा सुरक्षित रखा गया।
- एक्ट्रेस का अंतिम संस्कार आज नहीं होगा। उनकी फैमिली के लोग चंडीगढ़ से मुंबई पहुंच रहे हैं।
- तुनिषा के साथ काम करने वाले दूसरे साथी कलाकारों से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
मां का आरोप- जीशान से परेशान होकर बेटी ने खुदकुशी की
तुनिषा की मां ने जीशान पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तुनिषा ने शीजान से परेशान होकर आत्महत्या की है। पुलिस ने फैमिली की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस हत्या और सुसाइड दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
खुदकुशी से 5 घंटे पहले फोटो और नोट्स शेयर किए थे
20 साल की तुनिषा एक म्यूजिक वीडियो शूट करने वाली थीं। शनिवार को जब सेट पर लोगों ने उन्हें फांसी पर झूलते देखा तो उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। आत्महत्या से 5 घंटे पहले ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो और कुछ नोट शेयर किए थे। तुनिषा ने लिखा था,’जो अपने जुनून से आगे बढ़ते हैं वो रुकते नहीं हैं।’










































